Maharashtra Solapur Accident: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी एक वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार देर शाम मंगलवेधा तालुका के पास देगांव शिवारा गांव के नजदीक हुई।
मंदिरों में दर्शन करने निकले थे सभी श्रद्धालु
पुलिस के मुताबिक, ठाणे के डोंबिवली (पश्चिम) के उमेशनगर इलाके से 12 श्रद्धालु और उनके कुछ रिश्तेदार दो दिन पहले धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे सोलापुर, कोल्हापुर और आसपास के मंदिरों में दर्शन कर रहे थे। धाराशिव जिले के तुलजा भवानी मंदिर और अन्य मंदिरों में दर्शन करने के बाद वे पंढरपुर जा रहे थे, जहां भगवान विठ्ठल और देवी रुक्मिणी का मंदिर है। शाम करीब 7.30 बजे ट्रक ने उनकी वैन को टक्कर मार दी।
एक बच्चा, 3 महिलाओं की मौत
पुलिस ने बताया कि हादसे में सोनम अहिरे, सविता गुप्ता और योगिनी केकाने की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल बच्चे ने सोलापुर के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'ट्रक बहुत तेज गति से आ रहा था और वैन से सामने से टकरा गया। वैन का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।' पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
यह भी पढें- Jalandhar Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, पति-पत्नी की मौत, दवा लेने घर से गया था दंपती
ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया गया
डोंबिवली में पीड़ितों के परिवार वालों ने बताया कि यह यात्रा लंबे वीकेंड के चलते प्लान की गई थी। केकाने परिवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि वे पंढरपुर दर्शन करके घर लौटने वाले थे, पर बीच रास्ते ही यह हादसा हो गया। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि ज्यादातर पीड़ित उमेशनगर के शेवंता हाइट्स बिल्डिंग में रहते थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घायलों का उपचार जारी
हादसे में घायल महिलाओं और बच्चों को सोलापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। हादसे की खबर मिलते ही राज्य भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने सोलापुर के अधिकारियों से बात की और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।