अपने बयानों के कारण अक्सर सुर्खियों में रहने वाले शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक के आवास और दफ्तर पर मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने ठाणे स्थित सरनाईक के घर से उनके बेटे विहांग सरनाईक को हिरासत में ले लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ठाणे और मुंबई में सरनाईक से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की।
आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘टॉप्स ग्रुप’ (सुरक्षा मुहैया कराने वाली कंपनी) के प्रमोटर और उससे संबंधित लोगों सहित राजनेताओं के यहां छापेमारी की जा रही है। सरनाईक महाराष्ट्र विधानसभा में ओवला-माजीवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने शिवसेना के विधायक प्रताप सरनाईक के बेटे विहांग सरनाईक को ठाणे स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया है।
राजनीति से प्रेरित है कार्रवाई: शिवसेना
वहीं, छापेमारी की खबर मिलते ही शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत का बयान सामने आया है। राउत ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर सकते हैं और सरकार बना सकते हैं, तो वे लोग गलत हैं।
उन्होंने कहा, चाहे चाहे जितने नोटिस या इस तरह के छापे मारे जाएं, हमारे किसी भी विधायक पर दबाव डालकर उसे झुकाया नहीं जा सकता है। शिवसेना नेता ने कहा, सरनाईक पर कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है। भाजपा ने ईडी को अपने अनुसार कार्य करने वाली एक शाखा के रूप में व्यवहार करने वाला बना दिया है।
अगर गलत नहीं किया तो डरने की जरूरत नहीं: देवेंद्र फडणवीस
दूसरी तरफ, विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्हें ईडी की कार्रवाई के बारे में नहीं पता है, लेकिन अगर उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है, तो उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, प्रवर्तन निदेशालय किसी भी कार्रवाई की शुरुआत नहीं करता है, जब तक कि उसके पास कोई ठोस सबूत न हो।