महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने सोमवार को अपनी पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर मुंबई को बचाने के लिए शिवसेना (यूबीटी) के साथ मिलकर काम करें। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि 15 जनवरी को होने वाले मुंबई नगर निगम चुनावों में दोनों दलों का गठबंधन विजयी हो।
ये भी पढ़ें: BMC Election: 207 सीटों पर बनी भाजपा-शिवसेना के बीच सहमति, जानिए किस पार्टी को मिलेंगी कितनी सीटें?
राज ठाकरे ने क्या कहा?
रंगशारदा सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि कुछ लोग मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने का सपना देख रहे हैं और इसके लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। ठाकरे ने कहा पार्टी कार्यकर्ताओं को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए, क्योंकि इन नगर निकाय चुनावों में प्रत्येक सीट महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा 'मुंबई को बचाने के लिए अपने मतभेद भुला दें। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों को शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के उम्मीदवारों के प्रचार में भाग लेना चाहिए और शिवसेना (यूबीटी) भी ऐसा ही करेगी।' उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) भी इस गठबंधन का हिस्सा होगी।
नंदगांवकर बोले निराश होने की जरूरत नहीं
पार्टी नेता बाला नंदगांवकर ने ठाकरे के हवाले से कहा 'मुंबई को तोड़ने का यह सपना खत्म होना चाहिए। मुंबई मराठी मानुष और महाराष्ट्र की है। यह चुनाव मराठी मानुष के लिए महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र से बड़ा कोई विवाद नहीं है।' नंदगांवकर ने जानकारी दी कि पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करने के लिए आवश्यक 'एबी प्रपत्र' सोमवार यानी आज बांटे जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वार्डों के लिए अंतिम क्षणों की बातचीत अभी भी जारी है।
गठबंधन बनने के कारण टिकट न मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी को स्वीकार करते हुए नंदगांवकर ने कहा कि उन्हें निराश नहीं होना चाहिए क्योंकि यह अंतिम चुनाव नहीं है। बता दें कि बृहन्मुंबई नगर निगम के चुनाव 15 जनवरी को होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है, जबकि मतों की गिनती 16 जनवरी को होगी।
ये भी पढ़ें: Mumbai: कांग्रेस ने बीएमसी पर लगाए भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के गंभीर आरोप, कहा- ये भ्रष्ट महायुति निगम बन गया
चुनाव से पहले एनसीपी (एसपी) को झटका, राखी जाधव भाजपा में शामिल
वहीं बृहन्मुंबई नगर निगम चुनाव से ठीक पहले शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की मुंबई इकाई की अध्यक्ष राखी जाधव सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। 15 जनवरी को होने वाले चुनावों के मद्देनजर इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीट बंटवारे को लेकर थी नारजगी?
राखी जाधव ने विधायक पराग शाह की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। संभावना है कि वह घाटकोपर से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। सूत्रों के मुताबिक, जाधव सीटों के बंटवारे को लेकर नाराज थीं। उन्होंने पार्टी को 52 संभावित उम्मीदवारों की सूची सौंपी थी और गठबंधन में कम से कम 30 सीटों की उम्मीद कर रही थीं, लेकिन वरिष्ठ स्तर पर इसके लिए उचित प्रयास नहीं किए गए। राखी जाधव तीन बार नगर सेविका रह चुकी हैं और नगर निगम में पार्टी की नेता भी थीं। नवाब मलिक के पार्टी छोड़ने के बाद उन्हें मुंबई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और वे सांसद सुप्रिया सुले की करीबी मानी जाती थीं। उनका जाना चुनाव से पहले पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है।
अन्य वीडियो-