महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने में अभी लगभग डेढ़ साल का समय है बावजूद इसके यहां अभी से मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासत शुरू हो गई है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बयान के बाद एमवीए में दरार की अटकलें लगनी शुरू हुई। इसके बाद यह भी सामने आया कि अजित पवार एनसीपी छोड़ कर भाजपा में शामिल होंगे, हालांकि बाद में खुद अजित पवार ने इन अटकलों को खारिज कर दिया। अब एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने दावा किया है कि इस बार राज्य का मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से होगा। इस दावे के बाद एक बार फिर राज्य में बयानबाजी को हवा मिल गई है। सूबे के सीएम एकनाथ शिंदे ने इसे लेकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एमवीए पर तंज कसते हुए सोमवार को कहा कि महाविकास अघाड़ी 'तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा' है।
जयंत पर शिंदे वार
एनसीपी नेता जयंत पाटिल के बयान पर राज्य के सीएम एकनाथ शिंदे ने वार किया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि हम जनता के लिए काम कर रहे हैं जिसे राजनीति करनी है वो करता रहे। रही बात राज्य के सीएम की तो यह जनता तय करती है कि मुख्यमंत्री कौन होगा। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टर लगाने से कोई मुख्यमंत्री नहीं बन जाता। हम जनता के सेवक हैं और जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष में सीएम पद के लिए होड़ अभी से शुरू हो गई है। महा विकास अघाड़ी 'तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा' है।
क्या बोले थे जयंत पाटिल?
इससे पहले, महाराष्ट्र एनसीपी के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा था कि राज्य का अगला सीएम उनकी पार्टी का होगा। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पार्टी का प्रतिनिधित्व राज्य के अगले मुख्यमंत्री की ओर से किया जाएगा। जयंत पाटिल ने यह भी कहा कि शरद पवार के नेतृत्व में एनसीपी तेजी से ऊंचाइयों पर जा रही है। इतना ही नहीं उनकी पार्टी महाराष्ट्र में प्रमुख ताकत बनने के लिए अन्य सभी दलों से आगे निकल जाएगी।
शरद पवार ने दिए थे ये संकेत
गौरतलब है कि जयंत पाटिल का यह बयान तब आया है जब कहा जा रहा है कि एमवीएम में सबकुछ ठीक नहीं है। हाल ही में अजित पवार को लेकर अटकलें लग रही थी। इसके बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी नए सियासी संकेत दिए थे। शरद पवार ने कहा था कि 'किसी ने मुझे कहा कि रोटी सही समय पर पलटनी होती है और अगर सही समय पर नहीं पलटी तो वो कड़वी हो जाती है। अब सही समय आ गया है रोटी पलटने का, उसमें देरी नहीं होनी चाहिए। इस बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को आग्रह करूंगा की वो इस पर काम करें।'