केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे।
- फोटो : सोशल मीडिया
अजित पवार के नेतृत्व में आठ राकांपा विधायकों के महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने के कुछ दिनों बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब दानवे ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी के दरवाजे उन लोगों के लिए खुले हैं जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास है।
गौरतलब है कि दो जुलाई को अजित पवार ने शिंदे-भाजपा सरकार में डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। उनके प्रति निष्ठा रखने वाले राकांपा गुट के आठ अन्य विधायकों ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी। भाजपा के एक समय के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के सरकार में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर दानवे ने कहा, हमारा रुख स्पष्ट है- जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास है, वे हमारे साथ जुड़ सकते हैं या हमारे सहयोगी बन सकते हैं। हमारे दरवाजे उनके लिए खुले हैं।
केंद्रीय मंत्री मध्य महाराष्ट्र में औरंगाबाद के पास विश्व प्रसिद्ध अजंता गुफाओं के भूवैज्ञानिक पहलुओं के बारे में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। दानवे ने कहा, अगर वे सरकार चलाने के लिए तय किए गए फॉर्मूले का पालन करने के लिए तैयार हैं, तो वे भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो सकते हैं।
भाजपा नेता और महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे को लेकर चल रही अटकलों के बारे में पूछे जाने पर दानवे ने कहा कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रही हैं। जालना से लोकसभा सांसद ने कहा, ऐसे कई लोग हैं जो अफवाहें फैलाते हैं। उन्होंने (पंकजा मुंडे) कई बार स्पष्ट किया है कि वह किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं हो रही हैं।
मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुंडे ने कहा कि उन्होंने कभी भी पार्टी के हित के खिलाफ काम नहीं किया है और उन्होंने जोर देकर कहा कि वह चाहती हैं कि भाजपा की जनसंघ नेता दीन दयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विचारधारा बरकरार रहे क्योंकि वह उसी भावना के साथ बड़ी हुई हैं।
पूर्व राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने एक टीवी चैनल पर मुकदमा करने की योजना बनाई है, जिसने उनकी कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात के बारे में झूठी रिपोर्ट दी थी।