मुंबई से सटे मीरा-भायंदर के पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता का अश्लील वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में मेहता का स्टिंग ऑपरेशन होने का दावा किया गया है। ऐसी आशंका है कि महापौर का उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर मीरा-भायंदर की भाजपा पार्षद नीला सोंस ने यह क्लिप जारी की है। उधर नीला ने एक वीडियो जारी कर मेहता से परिवार के जान-माल का खतरा बताया है। नीला मूल रूप से आगरा निवासी हैं।
दरअसल नीला ने साल 2017 के मीरा-भायंदर महानगरपालिका चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर सामान्य सीट से जीत दर्ज की थी। अभी 26 फरवरी को महापौर का चुनाव होना है। इस बार महापौर का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। नीला ने खुद को अनुसूचित जाति का बताते हुए महापौर पद पर अपना दावा ठोक दिया, लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया।
वीडियो वायरल होने के बाद नरेंद्र मेहता ने सोमवार को भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने फेसबुक पर जारी वीडियो में कहा है, वह नहीं चाहते कि पार्टी की छवि खराब हो और हमारे नेताओं को शर्मिंदा होना पड़े।
क्या है वायरल वीडियो में
वायरल वीडियो में पूर्व विधायक मेहता एक होटल के कमरे में निर्वस्त्र महिला के साथ दिख रहे हैं। उधर नीला ने आईजी ऑफिस के बाहर से एक भावनात्मक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। इस वीडियो में नीला का दावा है कि उन्होंने ही यह स्टिंग कराया था ताकि मेहता के अनैतिक कार्यों से पर्दा उठ सके। एक साल पहले एसपी से इसकी शिकायत की थी और वीडियो क्लिप पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी थी। उन्हीं में से किसी ने इसे वायरल किया होगा।