ठाणे : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार
ठाणे जिले के ठाकुरली रेलवे स्टेशन पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक नाबालिग से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की दोपहर हुई। आरोपियों ने पीड़िता को धमकाने के लिए उसके साथ किए कृत्य की वीडियो रिकॉर्डिंग भी बना ली थी। सहायक पुलिस आयुक्त (डोंबिवली) सुनील कुरहाडे ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक आदतन अपराधी है।
अधिकारी ने कहा, 'पीड़िता अपने प्रेमी के साथ टहलने गई थी, जब दोनों आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें रोक लिया। उनमें से एक लड़की को एक नाले के पास और ठाकुरली रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके साथी ने भी बाद में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। अधिकारी ने बताया कि एक आरोपी ने इस कृत्य की वीडियोग्राफी भी की और लड़की को धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे बदनाम करने के लिए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर डोंबिवली के विष्णुनगर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (डी) (सामूहिक बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, 'यह एक संवेदनशील मामला था, इसलिए पुलिस ने इसकी जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया। खुफिया जानकारी और स्थान के विवरण के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों में से एक मजदूर (25 वर्षीय) है, जबकि दूसरा चाय की दुकान का मालिक (32 वर्षीय) है। पुलिस ने बताया कि उन्हें जिले के कल्याण और डोंबिवली से गिरफ्तार किया गया। मजदूर एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में घर में जबरन घुसने और चोरी से संबंधित कम से कम दो अपराध दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि वह इन मामलों में जमानत पर बाहर हैं।
नासिक : पिता और दो बेटो ने की आत्महत्या
नासिक शहर में रविवार को एक व्यक्ति और उसके दो बेटों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दीपक शिरोड (52), उनके बेटे प्रसाद (26) और राकेश (23) दोपहर में शहर के सतपुर उपनगर के राधाकृष्ण नगर में अपने घर के तीन अलग-अलग कमरों में लटके पाए गए।
उन्होंने कहा, "घर के अन्य सदस्य उस समय बाहर गए हुए थे। जब वे शाम करीब चार बजे लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा।" अधिकारी ने कहा कि घर के बहीखाते में मिले एक नोट में एक साहूकार का नाम है, जो कथित तौर पर ऋण चुकाने के लिए उन्हें परेशान कर रहा था, हालांकि नोट और इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है।
सतपुर पुलिस थाने के अधिकारी ने कहा, "दीपक फल विक्रेता था। ऐसा लगता है कि परिवार आर्थिक संकट में था। आगे की जांच की जा रही है।" इस बीच, नासिक के पुलिस आयुक्त अंकुश शिंदे ने लोगों से कहा कि अगर साहूकार उन्हें परेशान कर रहे हैं तो वे सामने आकर शिकायत करें।
मुंबई: पुलिसकर्मी ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या
उपनगर चूनाभट्टी में एक पुलिसकर्मी ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बताया कि नवी मुंबई पुलिस से जुड़े सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) प्रकाश थेटले ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी ने इस कृत्य को अंजाम देने से पहले अपनी पत्नी को कथित तौर पर शयन कक्ष में बंद कर दिया। जब महिला सुबह उठी और उसने देखा कि उसने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया है तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया।
उन्होंने बताया कि बाद में पुलिसकर्मी नायलॉन की रस्सी से छत के पंखे से लटका हुआ पाया गया। घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मृतक ने अपने सहयोगियों को धन्यवाद दिया और कहा कि उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है।