बजट पर गडकरी बोले- महाराष्ट्र को बड़ा समर्थन मिला
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र को बड़ा समर्थन मिला है। उन्होंने नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 2026-27 के बजट अनुमान में टैक्स बंटवारे के तहत राज्य के लिए 89,855.80 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। उनके अनुसार 2025-26 में राज्य को 50,511 करोड़ रुपये अनुदान के रूप में दिए गए थे। उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 के बीच महाराष्ट्र को टैक्स बंटवारे से 5.83 लाख करोड़ और अनुदान के रूप में 3.66 लाख करोड़ रुपये मिले हैं।
नितिन गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र में 1.70 लाख करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट चल रहे हैं। 41 नई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। नागपुर मेट्रो फेज-2 अंतिम चरण में है और फेज-3 के नए कॉरिडोर के लिए DPR की मंजूरी मिल चुकी है। अमृत भारत योजना के तहत राज्य के 128 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र लॉजिस्टिक लागत को जीडीपी के सिंगल डिजिट तक लाना चाहता है और बड़े पूंजीगत खर्च से रोजगार और विकास को गति मिलेगी।
पंचायत चुनाव में सोशल मीडिया स्टार को हार
पुणे जिले की पंचायत समिति चुनाव में सोशल मीडिया पर चर्चित और पूर्व सरपंच निर्मला नवाले को हार का सामना करना पड़ा। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं। उन्हें भाजपा उम्मीदवार मनीषा सतीश पचांगे ने करीब 300 वोट से हराया। चुनाव अधिकारियों ने परिणाम की पुष्टि की। निर्मला नवाले के वीडियो और रील पहले काफी वायरल रहे हैं, लेकिन उनकी ऑनलाइन लोकप्रियता वोट में नहीं बदल सकी। वे इंजीनियर हैं और पहले निर्विरोध सरपंच चुनी जा चुकी हैं।
मुंबई पुलिस संग्रहालय में ऐतिहासिक मुलाकात
मुंबई में प्री-इंडिपेंडेंस दौर के पुलिस आयुक्त रहे स्टीफन एडवर्ड्स की पड़पोती ट्रेसी एडवर्ड्स ने मुंबई पुलिस संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने क्रॉफर्ड मार्केट स्थित संग्रहालय में अपने पूर्वज की पुनर्स्थापित प्रतिमा देखी और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने संग्रहालय के काम और संरक्षण की सराहना की। मुंबई पुलिस ने भी आधिकारिक संदेश जारी कर इस मुलाकात को इतिहास और वर्तमान को जोड़ने वाला क्षण बताया। स्टीफन एडवर्ड्स 1909 से 1916 तक मुंबई पुलिस आयुक्त रहे थे।
वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग पर कांग्रेस का हमला
वीर सावरकर को भारत रत्न देने की आरएसएस प्रमुख की मांग पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न देश का सबसे बड़ा सम्मान है, जो आजादी, संविधान और देश के विकास में योगदान देने वालों को दिया जाता है। जगताप ने कहा कि सावरकर ने अंडमान जेल में रहते हुए ब्रिटिश सरकार को दया याचिकाएं लिखी थीं। उन्होंने कहा कि आरएसएस प्रमुख का पद महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके बयान पर सवाल उठना स्वाभाविक है।