फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: गैंगस्टर निलेश की जमानत रद्द करने के लिए हाईकोर्ट पहुंची पुलिस; औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदला

Sat, 18 Oct 2025 10:38 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पुणे पुलिस ने फरार गैंगस्टर निलेश घायवाल की 2022 में मिली जमानत रद्द करने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में अर्जी दायर की है। पुलिस के अनुसार, घायवाल हत्या, रंगदारी समेत कई मामलों में वांछित है और फिलहाल विदेश भागने की आशंका है। हाल ही में कोथरुड इलाके में उसके सहयोगियों ने सड़क विवाद के बाद एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया था। घायवाल को 2021 में वॉरजे पुलिस थाने में दर्ज मामले में जमानत मिली थी, जिसमें उसे नियमित रूप से पुलिस के समक्ष पेश होना और पासपोर्ट जमा कराना था। इन शर्तों का उल्लंघन करने के कारण अब उसकी जमानत रद्द करने की मांग की गई है। पुलिस के मुताबिक, कोथरुड फायरिंग के बाद घायवाल के खिलाफ पुणे में अब तक 10 नए मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

विज्ञापन


औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदला गया
महाराष्ट्र के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर कर दिया गया है। राज्य सरकार ने इसे लेकर राजपत्र के जरिए अधिसूचना जारी कर दी है। यह कदम एकनाथ शिंदे सरकार द्वारा औरंगाबाद शहर का नाम औपचारिक रूप से नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर करने के लगभग तीन साल बाद उठाया गया है। इस शहर का नाम पहले मुगल बादशाह औरंगजेब के नाम पर रखा गया था, और अब इसे यह नाम मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र के सम्मान में दिया गया था। औरंगाबाद का नाम बदलने की पहल पूर्व की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार ने की थी। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने 15 अक्टूबर को औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के लिए एक राजपत्र अधिसूचना जारी की। औरंगाबाद रेलवे स्टेशन 1900 में खोला गया था। इसे हैदराबाद के सातवें निजाम मीर उस्मान अली खान ने बनवाया था।

शेयर मार्केट विशेषज्ञ का डीपफेक वीडियो पोस्ट करने में चार डिजिटल मार्केटिंग फर्म के कर्मचारियों पर गिरफ्तारी
मुंबई पुलिस ने चार वरिष्ठ डिजिटल मार्केटिंग कंपनी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने फेसबुक विज्ञापन आईडी चीनी ठगों को उपलब्ध कराई, जिससे सोशल मीडिया पर एक मशहूर शेयर मार्केट विशेषज्ञ का डीपफेक वीडियो पोस्ट किया गया। इसका मकसद निवेशकों को धोखा देना था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जीजिल सबेस्टियन (44), दीपायण बनर्जी (30), डैनियल अरुमुघम (25) और चंद्रशेखर नाइक (42) शामिल हैं। इन्हें इस काम के लिए भारत और यूएई की मुद्राओं में कुल 3 करोड़ रुपये मिले।पुलिस के अनुसार, जांच तब शुरू हुई जब एक बिजनेस न्यूज़ चैनल के विशेषज्ञ ने पश्चिम क्षेत्र साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनका डीपफेक वीडियो विज्ञापन के रूप में फैलाया जा रहा था, जिससे शेयरों के संबंध में गलत सूचना फैलाई जा रही थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। फेसबुक से जानकारी ली गई और पोस्ट करने वालों की पहचान की गई। तीन आरोपियों को बंगलूरू और एक को ठाणे से गिरफ्तार किया गया।

विज्ञापन

मनसे के दीपोत्सव में फिर एक साथ आए उद्धव-राज
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के दीपोत्सव कार्यक्रम में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक फिर साथ नजर आए। हालांकि, इस बार दोनों भाई मीडिया के सामने ज्यादा बात करने से बचते रहे। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव और मनसे अध्यक्ष राज के बीच पिछले कुछ दिनों में सातवीं बार मुलाकात हुई है। दादर के शिवाजी पार्क मैदान में शुक्रवार को मनसे ने दीपोत्सव का आयोजन किया, जिसका उद्घाटन उद्धव ठाकरे ने किया। उद्धव अपने परिवार के साथ राज के घर एक घंटे रहे। 

  

नाबालिग को वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने पर महिला को सात साल जेल

महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक अदालत ने एक नाबालिग लड़की को वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने के आरोप में 51 वर्षीय महिला को सात साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डी.एस. देशमुख ने आरोपी काजल बाबू चंदन को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के तहत कई गंभीर अपराधों का दोषी ठहराया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह घटना 30 मार्च, 2022 को तब सामने आई जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महिला वेश्यावृत्ति के लिए लड़कियों की आपूर्ति कर रही है। एक फर्जी ग्राहक के साथ जाल बिछाया गया और आरोपी को फर्जी पैसे लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। नाबालिग पीड़िता, जो घटना के समय 16 साल की थी, आरोपी के साथ पाई गई और सबूतों से पता चला कि उसने कपड़े खरीदने के बहाने किशोरी को बहकाया था। अदालत ने आरोपी को सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई और उस पर 19,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
 

बारिश प्रभावित किसानों की मदद के लिए महाराष्ट्र सरकार ने मंजूर किए 3,258 करोड़ रुपये

महाराष्ट्र सरकार ने 23 जिलों में भारी बारिश और बाढ़ से नुकसान झेलने वाले किसानों को 3,258 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने को मंजूरी दे दी है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मकरंद जाधव पाटिल ने यह जानकारी दी। राज्य के राहत एवं पुनर्वास मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि पिछले दो दिनों में सरकार ने किसानों की सहायता के लिए कई प्रस्तावों के जरिए 5,364 करोड़ रुपये के वितरण को मंज़ूरी दी है। सरकार ने अब 23 बारिश और बाढ़ प्रभावित जिलों के 33.65 लाख किसानों के लिए 3,258 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

राज्य सरकार ने इस हफ्ते की शुरुआत में 21.66 लाख प्रभावित किसानों के लिए 1,356.30 करोड़ रुपये की सहायता मंजूरी दी थी। इस महीने की शुरुआत में, सरकार ने किसानों के लिए 31,628 करोड़ रुपये के मुआवजे के पैकेज की घोषणा की थी, जिसमें कहा गया था कि कुल सहायता 48,000 रुपये प्रति हेक्टेयर होगी। हालांकि, विपक्षी दलों ने इस राहत पैकेज को किसानों के जीवन को फिर से पटरी पर लाने के लिए बहुत कम बताया है। सितंबर में भारी बारिश और बाढ़ ने मराठवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे राज्य भर में 68.69 लाख हेक्टेयर में लगी फसलें नष्ट हो गईं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विवादित बयान से जुड़ी मानहानि मामले में सुनवाई

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विवादित बयान से जुड़ी मानहानि मामले में वीडी सावरकर के भतीजे सत्याकी सावरकर ने शुक्रवार को विशेष अदालत में बयान दिया। यह सुनवाई का पहला दिन था। सत्याकी ने बताया कि राहुल गांधी ने लंदन में मार्च 2023 में दिए गए अपने भाषण में कहा था कि वीडी सावरकर ने एक किताब में लिखा है कि उन्होंने और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक मुस्लिम व्यक्ति को पीटा और उन्हें खुशी हुई। राहुल गांधी के वकील मिलिंद पवार ने इस मामले में समय मांगा ताकि वे सावरकर की याचिका का जवाब तैयार कर सकें। याचिका में कहा गया था कि महात्मा गांधी की हत्या नाथूराम गोडसे ने की थी, लेकिन गोडसे के परिवार के खिलाफ सामाजिक बहिष्कार नहीं हुआ। वकील ने तर्क दिया कि यह बयान महात्मा गांधी की हत्या को अप्रत्यक्ष रूप से सही ठहरा रहा है। कोर्ट ने वकील को दस्तावेजों का अध्ययन करने और नवंबर सात तक विस्तृत जवाब देने का समय दिया है। अगली सुनवाई इसी दिन होगी।
विज्ञापन

मुंबई के मलाड में व्यावसायिक दुकानों में लगी आग

शनिवार दोपहर मलाड इलाके में कुछ व्यावसायिक दुकानों में भीषण आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, पठानवाड़ी में दोपहर करीब 1 बजे लगी आग की चपेट में 15-20 दुकानें आईं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आठ दमकल गाड़ियों ने आग को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें