6 करोड़ के इनामी नक्सली भूपति समेत 61 ने किया आत्मसमर्पण
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में वरिष्ठ नक्सली नेता मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति और 60 अन्य नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। भूपति उर्फ सोनू प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक था और लंबे समय से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर सक्रिय था। भूपति केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो का सदस्य है, जिसके ऊपर 6 करोड़ का इनाम था।
अधिकारियों ने बताया कि भूपति और उसके साथ 60 नक्सलियों को सोमवार रात 10 बजे होदरी गांव से पुलिस वाहनों में गढ़चिरौली पुलिस मुख्यालय लाया गया, जहां उन्होंने 54 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। जब्त किए गए हथियारों में सात एके-47 और नौ इंसास राइफलें शामिल हैं। इनमें से दस नक्सली डिविजनल कमेटी के सदस्य हैं। इस साल की शुरुआत में भूपति की पत्नी तारक्का ने भी
आत्मसमर्पण किया था। हाल के कुछ महीनों में शीर्ष नक्सली नेतृत्व से भूपति के मतभेद बढ़ गए थे, जिससे संगठन में आंतरिक कलह शुरू हो गई थी। भूपति का कहना था कि सशस्त्र संघर्ष अब असफल हो चुका है और लोगों का समर्थन भी घट रहा है, इसलिए शांति व बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।
जबलपुर में 30 से शुरू होगी संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मध्य प्रदेश के जबलपुर में 30 अक्तूबर से शुरू होगी। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे और भविष्य की योजना तैयार करेंगे। इस बैठक की तैयारियां जोरों पर हैं।
आरएसएस ने एक बयान में कहा कि तीन दिवसीय सम्मेलन में संघ प्रमुख मोहन भागवत की ओर से विजयादशमी संबोधन में उठाए गए प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। आरएसएस के संचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि सम्मेलन में संघ प्रमुख भागवत, महासचिव दत्तात्रेय होसबोले, अन्य छह संयुक्त महासचिव और कार्यकारी निकाय के सदस्य हिस्सा लेंगे।
मुंबई में बुधवार तड़के एक सात मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोरेगांव इलाके के सिद्धार्थ नगर स्थित अतुल कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लेट में सुबह 3.53 बजे आग लगने की सूचना मिली।
एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और सुबह 4.15 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। दो लोगों रमीला साहा (65) और क्रुणाल साहा (40) की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। फिलहाल आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। बता दें कि दक्षिण मुंबई के लोकप्रिय क्रॉफर्ड मार्केट में लगी आग के बाद बुधवार को महानगर में आग लगने की यह दूसरी घटना थी।