महिला का अधजला शव मिला
मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के वडाला क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बैग बरामद किया। जांच के दौरान उस बैग क भीतर से महिला का अधजला शव मिला। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है।
ललित पाटिल ड्रग्स केस में एक और आरोपी गिरफ्तार
ललित पाटिल ड्रग्स मामले में मुंबई पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुर्ला का रहने वाला है, जो ललित पाटिल से ड्रग्स लेकर उसे मुंबई के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। उसने नासिक में एमडी फैक्टरी खोलने में भी ललित पाटिल की मदद की थी।
बता दें कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने नामी ड्रग कार्टेल चलाने वाले फरार आरोपी ललित पाटील को हाल ही में चेन्नई से गिरफ्तार किया है। दो अक्तूबर को वह पुणे के ससून अस्पताल से फरार हो गया था। अस्पताल में वह पिछले नौ महीनों से अपना इलाज करा रहा था और इलाज के दौरान ही ड्रग्स रैकेट चला रहा था।
पुणे के एक गोदाम में लगी आग
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के शिलफाटा के एक गोदाम में शुक्रवार की सुबह साढ़े नौ बजे आग लग गई। इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं दी गई है। हादसे की जानकारी पाकर नागरिक और दमकल अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आग को काबू करने की कोशिश करने लगे। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस हादसे में गोदाम क्षतिग्रस्त हो गया है।
महिला ने लगाया अपनी बहन के पति पर बच्चा अपहरण करने का आरोप
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला ने अपनी बहन के पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अपने 18 महीने के बच्चे का अपहरण करने का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता की बहन अपने पति से घरेलू झगड़ों के कारण अलग हो चुकी थी।
महिला ने बताया कि हाल ही में उसकी बहन के पति ने अपनी पत्नि का पता पूछने के लिए उससे संपर्क किया था। पता नहीं मिलने के बाद वह वापस लौट गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ बुधवार को फिर से आया और उसके बच्चे को लेकर चला गया। कलवा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
ठाणे में दो सौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, फलस्तीन के समर्थन में किया प्रदर्शन
पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि ठाणे जिले में पुलिस ने फलस्तीन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करते हुए निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले 200 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार दोपहर मुंब्रा इलाके में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) द्वारा आयोजित प्रदर्शन के लिए सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए थे।
उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 188 (एक लोक सेवक द्वारा कानूनी रूप से घोषित आदेश की अवज्ञा) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी में सोलह आरोपियों की पहचान की गई है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्राथमिकी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने बैनर ले रखे थे और फलस्तीन के समर्थन में नारे लगाए और आयुक्तालय में लागू निषेधाज्ञा आदेशों का उल्लंघन किया। अधिकारी ने कहा कि आंदोलन को शूट करने के लिए ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया।
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी (सीपीआरओ) सुमित ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे (17.17 बजे) वसई यार्ड में एक खाली मालगाड़ी के दो वैगन अलग हो गए और पटरी से उतर गए। उन्होंने बताया कि मेन लाइन पर परिचालन में कोई बाधा नहीं आई है। सीपीआरओ के अनुसार, दिवा से वसई जाने वाली दो मेमू ट्रेनों को कमान रोड से शॉर्ट-टर्मिनेट और रिवर्स कर दिया गया है। पटरी ठीक करने का काम प्रगति पर है।