उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच हुए गठबंधन पर बेशक प्रधानमंत्री मोदी लगातार निशाना साध रहे हों लेकिन केंद्र और महाराष्ट्र में उनके गठबंधन की सहयोगी शिवसेना ने ऐसा गठबंधन कर लिया है जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कांग्रेस और शिवसेना ने स्थानीय स्तर पर गठबंधन कर लिया है। जिससे दोनों पार्टियां जिला परिषद एवं पंचायत समिति के चुनाव मिलकर लड़ेंगे। वहीं इस गठबंधन के सामने आते ही विरोधियों ने उन पर निशाना साध दिया है।
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा और गठबंधन में उसकी सहयोगी शिवसेना के बीच तकरार लगातार बढ़ती ही जा रही है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे कुछ दिन पहले ही बयान दे चुके हैं कि बीएमसी चुनावों के बाद पार्टी गठबंधन में बने रहने या बाहर जाने पर कोई निर्णय लेगी।
ऐेसे में अब राज्य में राजनीतिक के नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। इसकी एक झलक देखने को मिली सूबे के रायगढ़ जिले के पंचायत चुनावों में। जहां शिवसेना ने अभी तक धुर विरोधी रही कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया।