महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना सरकार में शामिल होने के एक दिन बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मुंबई में मंत्रालय के पास राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के नए दफ्तर का उद्घाटन किया। पवार ने पूरे राकांपा का समर्थन उनके पक्ष में होने का दावा भी किया है।
अजित पवार ने मंगलवार को राकांपा के नए दफ्तर का उद्घाटन किया, उद्घाटन से पहले नए दफ्तर में तोड़-फोड़ होने की खबरें भी सामने आई। उद्घाटन के दौरान अजित पवार के साथ छगन भुजबल भी मौजूद थे। उद्घाटन के बाद अजित पवार आज कैबिनेट की बैठक में भी शामिल हुए।
अजित पवार की नेतृत्व वाली राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने सोमवार को एक सम्मेलन में लोकसभा सांसद सुनील तटकले को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की थी। पटेल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'हम जयंत पटेल को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हैं। मैं सुनील तटकले को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करता हूं। अब तटकले को पास पार्टी में बदलाव करने का अधिकार होगा।' उन्होंने कहा कि अजित पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है। हम शरद पवार से अनुरोध करते हैं कि वह हमें अपना आशीर्वाद दें, क्योंकि वह हमारे गुरु हैं।
सम्मेलन में सुनील तटकले ने महाराष्ट्र में पार्टी के मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा, 'मैंने राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाल लिया है। राज्य में मैं पार्टी को मजबूत करने की कोशिश करूंगा। मैंने सभी जिला परिषद के नेताओं और विधायकों की एक बैठक बुलाई है।'
राकांपा के दोनों गुट बुधवार को करेंगे शक्ति प्रदर्शन
अजित पवार के महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे नीत सरकार में शामिल होने के बाद उनके और शरद पवार के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर दावेदारी को लेकर लड़ाई तेज हो गई है और इसी कड़ी में शक्ति प्रदर्शन के वास्ते दोनों गुटों ने बुधवार को अलग-अलग बैठक बुलाई है।
जानकारी के मुताबिक, राकांपा के शरद पवार गुट ने पार्टी की बैठक दक्षिण मुंबई स्थित यशवंत राव चव्हाण केंद्र में बुधवार को अपराह्न एक बजे बुलाई है, जबकि अजित पवार ने मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित मुंबई एजुकेशन ट्रस्ट के परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे बैठक बुलाई है।
अजित पवार गुट ने 40 विधायकों के समर्थन का दावा किया
अजित पवार गुट ने 40 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। वहीं, शरद पवार गुट ने दावा किया है कि सरकार में शामिल अजित पवार सहित केवल नौ विधायकों ने ही पाला बदला है। बाकी शरद पवार के साथ हैं।
शिंदे नीत खेमे के कुछ सदस्यों के नाराज होने की खबर
राकांपा विधायकों के मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत खेमे के कुछ सदस्यों के नाराज होने की खबर के बारे में पूछे जाने पर अजित पवार ने कहा कि हमने मिलकर काम करने का फैसला किया है। असंतोष का कोई सवाल ही नहीं है।