सियासी उलटफेर के बीच शनिवार को लापता हुए शाहपुर से एनसीपी विधायक दौलत दरोड़ा की एक वीडियो सामने आई है। वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि मैं सुरक्षित हूं। मैं एनसीपी के चुनाव चिन्ह पर जीतकर आया हूं, इसलिए पार्टी बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। शरद पवार और अजीत पवार जो भी फैसला लेते हैं, मैं उसके साथ हूं। किसी भी अफवाहों पर विश्वास न करें।
बता दें कि दौलत दरोड़ा के गुमशुदगी की शिकायत शनिवार को पुलिस में दर्ज हुई थी। दौलत दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में सुबह हुई देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार की शपथ ग्रहण में पहुंचे थे। उसके बाद से उनका कोई अता पता नहीं था।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि दरोड़ा शुक्रवार रात को अपने बेटे करण के साथ ठाणे से रवाना हुए थे। मुंबई पहुंचने के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। पूर्व विधायक पांडुरंग बरोड़ा ने शाहपुर पुलिस में जाकर दरोड़ा के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। इस बीच दरोड़ा के बेटे करण सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह से उसकी अपने पिता से कोई बात नहीं हुई है।