यदि आपका नाबालिग लड़का या लड़की सड़क पर वाहन दौड़ा रहे हैं, तो अब सावधान हो जाइए। कहीं आपके नाबालिग बेटे या बेटी की ये गलती आपको जेल ना पहुंचा दे। जी हां, दरअसल महाराष्ट्र के पुणे में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक पिता को अपने नाबालिग बेटे के हाथ में कार का स्टेयरिंग थमाना काफी महंगा पड़ा, जेल की हवा तक खानी पड़ गई।
हुआ यूं कि पिता ने किसी काम में व्यस्त होने चलते अपने नाबालिग बेटे को सर्विस सेंटर से अपनी कार लाने के लिए भेजा। बेटा अपने तीन और दोस्तों को साथ लेकर कार लेने चला गया। सर्विस सेंटर से लौटते समय बेटा गाड़ी को तेज गति से चला रहा था। रास्ते में कुछ दूरी तय करने के बाद गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। दरअसल, तेज गति के कारण कार पलट गई और फिर कांच के सजावटी सामान वाली एक दुकान में जा घुसी। हालांकि ये गनीमत ही रही कि इस दौरान कार में बैठे तीनों नाबालिगों मामूली चोटें आईं।
लड़के के पिता और ये महाशय पहुंचे हवालात
इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़के के पिता तानाजी शिंदे को हवालात में डाल दिया। इसके साथ ही सर्विस सेंटर पर नाबालिग लड़के के हाथ में चाबी देने वाले आकाश बोडके को भी हवालात की हवा खानी पड़ी। बहरहाल, अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कोर्ट में केस की सुनवाई होने के बाद होगी। बता दें कि यह घटना पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र की है। 22 दिसंबर को घटित हुई यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इस सीसीटीवी वीडियो के चलते पुलिस नाबालिग लड़के और उसके पिता तक पहुंची।