महाराष्ट्र में देवेन्द्र फड़नवीस सरकार में विभागों का आवंटन आज हो सकता है। राज्य मंत्री और शिवसेना विधायक संजय शिरसाट ने ये दावा किया है। उन्होंने विधानपरिषद में कहा कि विभागों का आवंटन आज होने की संभावना है। इस दौरान एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रवक्ता शिरसाट ने यह भी बताया कि पूरक मांगों पर चर्चा शुक्रवार से शुरू होगी।
15 दिसंबर को 39 मंत्रियों ने ली थी शपथ
गौरतलब है कि सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने 5 दिसंबर को शपथ ली थी। इसके बाद 15 दिसंबर को 39 मंत्रियों ने नागपुर राजभवन में पद की शपथ ली। मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अब तक विभागों का आवंटन नहीं किया गया है।
भाजपा विधायक राम शिंदे बने विधान परिषद के अध्यक्ष
भाजपा विधायक राम शिंदे निर्विरोध महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष चुने गए। परिषद के अध्यक्ष का पद राकांपा नेता रामराजे नाइक-निंबालकर के कार्यकाल समाप्त होने के बाद सात जुलाई 2022 से ही खाली था। राम शिंदे के निर्वाचित होने के बाद से ही विधानमंडल के दोनों सदनों के अध्यक्ष का पद भाजपा के पास है। पिछले हफ्ते भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर निर्विरोध महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर चुने गए थे। राम शिंदे आठ जुलाई 2022 को महाराष्ट्र विधानमंडल के उच्च सदन के सदस्य बने। इससे पहले, उन्होंने 2014-19 तक तत्कालीन देवेंद्र फड़नवीस सरकार में मंत्री के रूप में कार्य किया था। बता दें कि विधानसभा चुनाव में उन्हें कर्जत जामखेड विधानसभा सीट से राकांपा-एसपी नेता रोहित पवार से हार का सामना करना पड़ा था।
बता दें कि 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा, शिव सेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महायुति ने भारी जीत हासिल की थी। विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए गए। इन नतीजों में 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में महायुति ने 230 सीटों पर जीत हासिल की थी।