महाराष्ट्र के पालघर में एक केमिकल फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में लगी आग इतनी भयावह थी कि आग ने पास में बने एक और फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर-तारापुर एमआईडीसी में एक केमिकल फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई। मामले में अधिकारियों ने बताया कि यूके एरोमैटिक एंड केमिकल कंपनी में लगी भीषण आग ने सलवाड़ शिवाजी नगर इलाके में एक बगल की केमिकल यूनिट को भी अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग बुझाने के लिए अग्निशमन कर्मियों की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं मिली है। अधिकारियों ने बताया कि आग से तबाह यूके एरोमैटिक एंड केमिकल्स फैक्ट्री के परिसर से श्रमिकों के बाहर निकल जाने से एक बड़ी आपदा टल गई। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
दो घंटे बाद भी आग पर नहीं पाया गया काबू
वहीं इस घटना के सामने आए वीडियो में जलती हुई औद्योगिक इकाई से काले धुएं का गुबार निकलता दिख रहा है। पालघर अग्निशमन नियंत्रण कक्ष के अनुसार, उन्हें शाम करीब 6:20 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत अग्निशमन अभियान शुरू किया गया। आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए। करीब दो घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।