महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बैठक की और हालात की समीक्षा के बाद अहम फैसले लिए हैं, जिसके तहत अब नासिक में सप्ताहांत में लॉकडाउन लागू रहेगा। वहीं, जिले में 15 मार्च के बाद से शादी कार्यक्रमों को अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, जिन्हें पहले 15 मार्च तक के लिए अनुमति मिल चुकी है, सिर्फ उन्हें ही इजाजत दी जाएगी।
इसके अलावा मुंबई में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है। यहां एक्टिव केसों की संख्या में 89 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। इसे देखते हुए एहतियातन अब मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में मुंबई के ठाणे में 11 हॉटस्पॉट में 13 मार्च से 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है।
इतना ही नहीं प्रशासन ने राज्य के कई शहरों में मंगलवार से अन्य पाबंदियां भी लगाई हैं। इसके तहत जरूरी समानों की सर्विस को छोड़कर सभी दुकानें सुबह सात से शाम सात बजे तक ही खुल सकेंगी। वहीं रेस्टोरेंट रात नौ बजे तक की खुलेंगे।
इसके अलावा होम डिलिवरी को रात 11 बजे तक अनुमति दी गई है। नासिक सिटी, मालेगांव और जहां संक्रमण दर अधिक है, वहां स्कूल-कॉलेज और कोचिंग क्लासेस बंद करवा दिए गए हैं। हालांकि, पहले से तय यूपीएससी और एमपीएससी की परीक्षाएं अपने तय समय अनुसार आयोजित की जाएंगी।
बता दें नासिक में पिछले आठ दिनों में 3,725 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। वहीं, सोमवार को यहां कोरोना के 644 मामले सामने आए हैं। जिले में अब तक कुल एक लाख 31 हजार 990 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, ठाणे की बात करें तो यहां पर पिछले एक हफ्ते से रोजाना औसतन 700 से 800 मामले सामने आ रहे हैं। यहां अब तक दो लाख 86 हजार 351 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
महाराष्ट्र में लगातार तीन दिन तक प्रतिदिन कोरोना वायरस संक्रमण के 10 हजार नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को 8,744 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इसके साथ ही राज्य में कुल मामले बढ़कर 22,28,471 हो गए और महामारी से मरने वालों की संख्या 52,500 पर पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 20,77,112 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 97,637 मरीज उपचाराधीन हैं। नागरिकों द्वारा कोविज प्रोटोकॉल को न मानना, आम जनता को लोकल ट्रेनों में यात्रा करने और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों को खोलने की अनुमति के बाद राज्य में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई।