फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे का शपथ ग्रहण समारोह, डिप्टी सीएम पर फंसा पेच

Thu, 28 Nov 2019 06:49 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

  • शिवाजी पार्क में शाम 6.40 बजे होगा समारोह, 400 किसान परिवारों को न्योता 
  • उद्धव के शपथ ग्रहण समारोह में 2,000 पुलिसकर्मी करेंगे शिवाजी पार्क की सुरक्षा
  • उद्धव ने पीएम मोदी को दिया न्योता, राज ठाकरे को भी न्योता
  • शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार और शपथ ग्रहण को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है
     
विज्ञापन
उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो) - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र में महीने भर चली सियासी उठापटक के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज शाम 6.40 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि उप मुख्यमंत्री पद पर पेंच फंस गया है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद अजित पवार ने कहा कि मैं आज शपथ नहीं ले रहा हूं। आज शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के छह नेता शपथ लेंगे। उप-मुख्यमंत्री पद को लेकर फैसला पार्टी लेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के कैबिनेट मंत्रियों की घोषणा की जाएगी। आज कुल छह नेता (प्रत्येक पार्टी से दो) शपथ लेंगे। अबतक का अपडेट- 

विज्ञापन


राहुल गांधी ने भी लिखा उद्धव को पत्र 

राहुल ने उद्धव को लिखा पत्र- मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी भाजपा को हराने के लिए एकजुट हुई है जिसने लोकतंत्र को नजरअंदाज करने की कोशिश की। मुझे दुख है कि मैं समारोह में उपस्थित नहीं हो पाऊंगा। 

 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र- असाधारण परिस्थितियों में शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी एक साथ आए हैं जब देश भाजपा की तरफ से अभूतपूर्व खतरा महसूस कर रहा है। मुझे दुख है कि मैं शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नहीं हो पाऊंगी। 
विज्ञापन

 



-शपथ ग्रहण समारोह से पहले महाविकास अघाड़ी का न्यूनतम साझा कार्यक्रम जारी। इसकी प्रस्तावना में कहा गया है- इस गठबंधन के साझेदार संविधान के सेक्युलर मूल्यों को बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। देश और राज्य के हित के मुद्दों पर खासतौर से देश के धर्म निरपेक्ष तानेबाने को ध्यान में रखते हुए शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस भविष्य में मिलकर एक-दूसरे से सलाह करेंगे और तभी नतीजे पर निकलेंगे। 

शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, एनसीपी नेता जयंत पाटिल और नवाब मलिक ने प्रेस कांफ्रेंस में इसे जारी किया। न्यूनतम साझा कार्यक्रम में सेकुलर शब्द पर जोर। देश सबसे पहले मंत्र पर तीनों दलों का जोर।
 

 न्यूनतम साझा कार्यक्रम के मुख्य बिंदु 
  • समाज के सभी धर्म, जाति, तबकों को न्याय देने की कोशिश होगी। 
  • हमारी प्राथमिकता किसान होंगे, आम आदमी को ये अपनी सरकार लगे इसपर हमारा जोर होगा।
  • आज जो सरकार बनने जा रही है एक मजबूत सरकार होगी और महाराष्ट्र के हित में बन रही है। 
  • महिलाओं की सुरक्षा इस सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। 
  • किसानों के लिए नई फसल बीमा योजना।
  • खाली सरकारी पद भरे जाएंगे।
-एकनाथ शिंदे ने कहा कि कैबिनेट बैठक में नानर रिफाइनरी प्रोजेक्ट और बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी। वहीं, जयंत पाटिल ने कहा कि कैबिनेट बैठक आज रात आठ बजे सहयाद्रि गेस्ट हाउस में होगी।  
 

सूत्र: कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट और नितिन राउत मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। 
 

शरद पवार के घर पहुंचे अजित पवार

एनसीपी प्रमुख शरद पवार के घर अजित पवार पहुंचे हैं। पार्टी के अन्य नेता जयंत पाटिल और प्रफुल्ल पटेल वहां पहले से ही मौजूद हैं। जयंत पाटिल से पूछा गया कि क्या अजीत पवार आज शपथ लेंगे तो उन्होंने कहा कि ये अभी तक फाइनल नहीं हुआ है। पाटिल ने कहा कि ये पार्टी प्रमुख तय करेंगे। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि खुद वो आज मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वहीं छगन भुजबल ने कहा कि शरद पवार ने मंत्री के तौर पर शपथ लेने के लिए पार्टी के दो विधायकों को चुना है और उनमें से एक मैं हूं। मैं आज शाम मंत्री पद की शपथ लूंगा।

अजित पवार ने बंद किया मोबाइल

शपथ ग्रहण समारोह से पहले एनसीपी नेता अजित पवार ने अपना मोबाइल बंद कर दिया है। जिसके बाद अटकलें तेज हैं। हालांकि पार्टी प्रवक्ता ने कहा, 'अजित पवार संपर्क से दूर नहीं गए हैं। उन्होंने जानबूझकर अपना फोन बंद कर दिया है ताकि लगातार आ रही कॉल से निजात मिल सके। वह शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।'

न्यूनतम साझा कार्यक्रम जारी होगा

कांग्रेस के बालासाहेब थोराट, शिवसेना के एकनाथ शिंदे और एनसीपी के जयंत पाटिल मुख्यमंत्री की शपथ के मद्देनजर एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम (कॉमन मिनिमम प्रोग्राम) जारी किया जाएगा।


शिवसेना ने पवार की तारीफ में पढ़े कसीदे

महाराष्ट्र में जहां शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने को तैयार हैं, वहीं उनकी पार्टी ने शरद पवार की तारीफ में ढेरों कसीदे पढ़े और उन्हें राज्य की अगली सरकार का मार्गदर्शक बताया। शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के एक संपादकीय में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस के गठबंधन को आगे लाने में शरद पवार के प्रयासों को स्वीकार किया गया है। शिवसेना ने कहा, “शरद पवार जैसे मजबूत एवं अनुभवी ‘मार्गदर्शक’ हमारे साथ हैं। यह सरकार किसी के भी खिलाफ खराब मंशा के साथ काम नहीं करेगी।”

भाजपा भी साबित कर सकती थी बहुमत: रामदास अठावले

 

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, 'भाजपा भी बहुमत साबित करने के बाद सरकार बनी सकती थी। यदि उच्चतम न्यायालय बहुमत परीक्षण के लिए 24 घंटे की समयसीमा तय नहीं करता तो देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार इस्तीफा नहीं देते। 24 घंटे की छोटी सी अवधि में बहुमत साबित करना मुश्किल था।'

मुंबई पहुंचे एमके स्टालिन

डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन मुंबई पहुंच गए हैं। वह आज शिवसेना प्रमुख और 'महा विकास अघाड़ी' उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में राज्य की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।

भाजपा की साजिश हुई नाकाम: सोनिया गांधी

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में कहा, 'भाजपा ने महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए बेशर्मी भरे प्रयास किए। उसकी साजिश नाकाम हो गई है। मुनाफा कमाने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को नरेंद्र मोदी के दोस्तों को बेचा जा रहा है। भारत के राजनेताओं को जम्मू-कश्मीर में जाने की इजाजत नहीं है लेकिन कुछ यूरोपीय सासंदों को भेजा गया। यह नरेंद्र मोदी और अमित शाह का शर्मनाक कृत्य था।'

शपथ ग्रहण में सोनिया के जाने पर संशय

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से जब पूछा गया कि क्या वह उद्धव ठाकरे के शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए जाएंगी तो उन्होंने कहा कि अभी फैसला नहीं हुआ है।

यह एनसीपी का मसला है: संजय राउत

शिवसेना नेता संजय राउत से जब पूछा गया कि क्या अजित पवार उप-मुख्यमंत्री बनेंगे तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता। यह एनसीपी का मसला है। शरद पवार महा विकास अघाड़ी के वरिष्ठ नेता हैं। अजित पवार को या पार्टी में किस को क्या पद दिया जाएगा इसका फैसला वह लेंगे।' जब उनसे पूछा गया कि क्या आदित्य ठाकरे को मंत्री पद दिया जाएगा तो उन्होंने कहा, 'किसी को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा या नहीं इसका फैसला मुख्यमंत्री लेंगे। उद्धव ठाकरे जी केवल पिता ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री भी हैं। वह निर्णय लेंगे।'
विज्ञापन

जयंत पाटिल और छगन भुजबल लेंगे शपथ

सूत्रों के अनुसार एनसीपी के जयंत पाटिल और छगन भुजबल आज शपथ लेंगे।

अजित पवार बनेंगे उप-मुख्यमंत्री

न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार अजित पवार महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री हो सकते हैं लेकिन वह आज शपथ नहीं लेंगे। इससे पहले सूत्रों के अनुसार कहा जा रहा था कि एनसीपी ने जब अजित का नाम उप-मुख्यमंत्री पद के लिए बढ़ाया तो कांग्रेस ने इसपर आपत्ति जताई। वहीं, कांग्रेस अपने लिए विधानसभा अध्यक्ष पद के साथ उपमुख्यमंत्री पद भी मांग रही है। एनसीपी इसके लिए राजी नहीं हैं। बैठक के बाद एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने मीडिया से कहा कि महाविकास अघाड़ी की सरकार में कोई बाधा नहीं है। उद्धव मुख्यमंत्री होंगे। उप-मुख्यमंत्री एनसीपी का होगा। जबकि कांग्रेस विधानसभा स्पीकर का पद दिया गया है।

शपथग्रहण से पहले लगे पोस्टर

महाराष्ट्र में आज शाम उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण से पहले शिवसेना भवन के पास इंदिरा गांधी और बाल ठाकरे के पोस्टर लगे हुए हैं। पोस्टर में सत्यमेव जयते लिखते हुए कहा गया है कि बाला साहेब ठाकरे का सपना पूरा होने वाला है। इसके ऊपर इंदिरा और बाला साहेब ठाकरे की एक पुरानी तस्वीर भी नजर आ रही है। 

आदित्य ठाकरे को मिलेगी मंत्रिमंडल में जगह?

आदित्य ठाकरे को उद्धव ठाकरे की मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी, इसको लेकर कई अटकलें हैं। बताया जा रहा है कि आदित्य मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे लेकिन पार्टी में उनकी भूमिका बढ़ जाएगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें