राहुल गांधी ने भी लिखा उद्धव को पत्र
राहुल ने उद्धव को लिखा पत्र- मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र विकास अघाड़ी भाजपा को हराने के लिए एकजुट हुई है जिसने लोकतंत्र को नजरअंदाज करने की कोशिश की। मुझे दुख है कि मैं समारोह में उपस्थित नहीं हो पाऊंगा।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उद्धव ठाकरे को लिखा पत्र- असाधारण परिस्थितियों में शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी एक साथ आए हैं जब देश भाजपा की तरफ से अभूतपूर्व खतरा महसूस कर रहा है। मुझे दुख है कि मैं शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नहीं हो पाऊंगी।
-शपथ ग्रहण समारोह से पहले महाविकास अघाड़ी का न्यूनतम साझा कार्यक्रम जारी। इसकी प्रस्तावना में कहा गया है- इस गठबंधन के साझेदार संविधान के सेक्युलर मूल्यों को बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। देश और राज्य के हित के मुद्दों पर खासतौर से देश के धर्म निरपेक्ष तानेबाने को ध्यान में रखते हुए शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस भविष्य में मिलकर एक-दूसरे से सलाह करेंगे और तभी नतीजे पर निकलेंगे।
शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, एनसीपी नेता जयंत पाटिल और नवाब मलिक ने प्रेस कांफ्रेंस में इसे जारी किया। न्यूनतम साझा कार्यक्रम में सेकुलर शब्द पर जोर। देश सबसे पहले मंत्र पर तीनों दलों का जोर।
न्यूनतम साझा कार्यक्रम के मुख्य बिंदु
- समाज के सभी धर्म, जाति, तबकों को न्याय देने की कोशिश होगी।
- हमारी प्राथमिकता किसान होंगे, आम आदमी को ये अपनी सरकार लगे इसपर हमारा जोर होगा।
- आज जो सरकार बनने जा रही है एक मजबूत सरकार होगी और महाराष्ट्र के हित में बन रही है।
- महिलाओं की सुरक्षा इस सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की लड़कियों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
- किसानों के लिए नई फसल बीमा योजना।
- खाली सरकारी पद भरे जाएंगे।
-एकनाथ शिंदे ने कहा कि कैबिनेट बैठक में नानर रिफाइनरी प्रोजेक्ट और बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी। वहीं, जयंत पाटिल ने कहा कि कैबिनेट बैठक आज रात आठ बजे सहयाद्रि गेस्ट हाउस में होगी।
सूत्र: कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट और नितिन राउत मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
शरद पवार के घर पहुंचे अजित पवार
एनसीपी प्रमुख शरद पवार के घर अजित पवार पहुंचे हैं। पार्टी के अन्य नेता जयंत पाटिल और प्रफुल्ल पटेल वहां पहले से ही मौजूद हैं। जयंत पाटिल से पूछा गया कि क्या अजीत पवार आज शपथ लेंगे तो उन्होंने कहा कि ये अभी तक फाइनल नहीं हुआ है। पाटिल ने कहा कि ये पार्टी प्रमुख तय करेंगे। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि खुद वो आज मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वहीं छगन भुजबल ने कहा कि शरद पवार ने मंत्री के तौर पर शपथ लेने के लिए पार्टी के दो विधायकों को चुना है और उनमें से एक मैं हूं। मैं आज शाम मंत्री पद की शपथ लूंगा।
अजित पवार ने बंद किया मोबाइल
शपथ ग्रहण समारोह से पहले एनसीपी नेता अजित पवार ने अपना मोबाइल बंद कर दिया है। जिसके बाद अटकलें तेज हैं। हालांकि पार्टी प्रवक्ता ने
कहा, 'अजित पवार संपर्क से दूर नहीं गए हैं। उन्होंने जानबूझकर अपना फोन बंद कर दिया है ताकि लगातार आ रही कॉल से निजात मिल सके। वह शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।'
न्यूनतम साझा कार्यक्रम जारी होगा
कांग्रेस के बालासाहेब थोराट, शिवसेना के एकनाथ शिंदे और एनसीपी के जयंत पाटिल मुख्यमंत्री की शपथ के मद्देनजर एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम (कॉमन मिनिमम प्रोग्राम) जारी किया जाएगा।
शिवसेना ने पवार की तारीफ में पढ़े कसीदे
महाराष्ट्र में जहां शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने को तैयार हैं, वहीं उनकी पार्टी ने शरद पवार की तारीफ में ढेरों कसीदे पढ़े और उन्हें राज्य की अगली सरकार का मार्गदर्शक बताया। शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के एक संपादकीय में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस के गठबंधन को आगे लाने में शरद पवार के प्रयासों को स्वीकार किया गया है। शिवसेना ने कहा, “शरद पवार जैसे मजबूत एवं अनुभवी ‘मार्गदर्शक’ हमारे साथ हैं। यह सरकार किसी के भी खिलाफ खराब मंशा के साथ काम नहीं करेगी।”
भाजपा भी साबित कर सकती थी बहुमत: रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, 'भाजपा भी बहुमत साबित करने के बाद सरकार बनी सकती थी। यदि उच्चतम न्यायालय बहुमत परीक्षण के लिए 24 घंटे की समयसीमा तय नहीं करता तो देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार इस्तीफा नहीं देते। 24 घंटे की छोटी सी अवधि में बहुमत साबित करना मुश्किल था।'