महाराष्ट्र में शनिवार को हुए राजनीतिक उलटफेर पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, राज्य, फडणवीस और अजित पवार को नोटिस जारी किया है। अब सुप्रीम कोर्ट के सोमवार के आदेश पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। इसके बावजूद मुंबई में सियासी हलचल पल-पल बदल रही हैं। इसी बीच एनसीपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को अजित पवार के घर जाकर उन्हें मनाने की कोशिश की। वहीं एनसीपी के सभी बागी विधायक पार्टी में वापस लौटने लगे हैं। हालांकि भाजपा का दावा है कि उसके पास पूर्ण बहुमत है और वह सदन में इसे साबित कर सकती है। अबतक के अपडेट...
डिप्टी सीएम अजित पवार ने सीएम फडणवीस से की मुलाकात
दक्षिण मुंबई स्थित अपने घर में रविवार को पूरा दिन बिताने वाले राकांपा नेता और उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बंद कमरे में मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल, विनोद तावड़े और गिरीश महाजन भी शामिल थे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने देर रात किये ट्वीट में कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने आज मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच बेमौसम हुई बारिश से प्रभावित किसानों को अतिरिक्त मदद के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। बताया गया कि इस मुद्दे पर मुख्य सचिव और वित्त सचिव के साथ भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा और एनसीपी के कार्यकर्ता भिड़े
महाराष्ट्र में चल रही सियासी उठापटक के बीच लातूर में भाजपा और एनसीपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 17 के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
तीन विधायकों को दिल्ली ले गई भाजपा
एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक का दावा है कि उनके तीन विधायकों को भाजपा विशेष विमान से दिल्ली ले गई है। उन्होंने कहा कि दौलत दारोदा और नितिन पवार ने वीडियो संदेश भेजा है। जबकि नरहरि जिरवाल ने एनसीपी के ट्विटर हैंडल पर संदेश दिया है। नवाब मलिक ने कहा कि इन तीनों को भाजपा चार्टर्ड प्लेन से शनिवार को दिल्ली ले गई है।
शरद पवार के घर पहुंचे संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार के साथ बैठक के लिए मुंबई स्थित उनके घर पहुंचे हैं। इसी बीच एनसीपी विधायक धनंजय मुंडे ने ट्वीट किया, 'मैं पार्टी और पवार साहब के साथ हूं। कृपया अफवाह न फैलाएं।'
युवा स्वाभिमान पार्टी के विधायक ने का बड़ा बयान
महाराष्ट्र में चल रही सियासी बयानबाजी के बीच युवा स्वाभिमान पार्टी के विधायक रवि राणा ने ट्वीट कर बड़ा बयान दिया है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार से मिलने के बाद रवि राणा ने कहा कि, 'मैंने उन्हें बधाई दी है, थोड़ा समय लगा लेकिन राज्य में अब अच्छे सीएम और डिप्टी सीएम हैं। भाजपा के समर्थन में 175 से अधिक विधायक होंगे, शिवसेना में जो कुछ हो रहा है उससे यह और भी अधिक बढ़ जाएगा।' रवि राणा पहले ही भाजपा को पहले ही समर्थन देने का वादा कर चुके हैं।
विधायकों से मिलने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल होटल जेडब्ल्यू मैरिएट में ठहरे हुए अपने विधायकों से मिलने पहुंचे हैं। उनके साथ अन्य नेता अशोक चव्हाण, बालासाहेब थोराट, सुशील कुमार शिंदे और मल्लिकार्जुन खड़गे भी थे।
एनसीपी विधायकों को दूसरे होटल में शिफ्ट किया
जासूसी के डर से एनसीपी ने अपने विधायकों को होटल रेनेसां से होटल हृयात में शिफ्ट किया गया है। टीवी चैनलों के मुताबिक होटल रेनेसां में सादी वर्दी में पुलिसवाले मौजूद थे, जिससे एनसीपी विधायक भड़क गए। इस दौरान पुलिसवालों और विधायकों के बीच बहस भी हुई।
बच्चा बीमार था, इसलिए नहीं पहुंचा बैठक में : एनसीपी विधायक
अजित पवार के साथ शपथ ग्रहण में पहुंचे दिलीप बनकर भी लौट आए हैं। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा पवार साहब के साथ हूं। मैं उनसे मिला और बताया कि मेरा बच्चा बीमार था। इसलिए मुझे नासिक जाना पड़ा। इसलिए मैं बैठक में समय से नहीं पहुंच पाया। हम एनसीपी का समर्थन कर रहे हैं न कि भाजपा का।
भाजपा ने हमारे चार विधायक छिपाए
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने भाजपा पर अपने विधायक को छिपाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 50 विधायक अभी हमारे साथ हैं, लेकिन चार विधायकों को भाजपा के लोगों ने कहीं छिपा रखा है। हालांकि हम उनसे संपर्क बनाए हुए हैं, वो जल्दी लौट आएंगे।
भाजपा के साथ गठबंधन का सवाल ही नहीं- शरद पवार
एक तरफ भाजपा बैठक के बाद सरकार बनाने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है, उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी ट्वीट कर कहा है कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। सबकुछ ठीक-ठाक है। मैं एनसीपी में हूं और एनसीपी में ही रहूंगा। हमारे नेता शरद पवार ही हैं। हम महाराष्ट्र को स्थिर सरकार देंगे और महाराष्ट्र के कल्याण के लिए काम करेंगे। वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट कर कहा है कि भाजपा के साथ गठबंधन बनाने का सवाल ही नहीं है। एनसीपी ने सर्वसम्मति से शिवसेना और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया है। अजीत पवार का बयान गलत और भ्रामक है, जो लोगों के बीच भ्रम पैदा कर रही है।
हमारी सरकार पांच साल काम करेगी- भाजपा
मुंबई स्थित भाजपा दफ्तर में बैठक के बाद भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा कि, इस बैठक में हमने चर्चा की और फ्लोर टेस्ट पास करने की रणनीति तय की। हमने देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए बधाई देते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया। हमारी सरकार महाराष्ट्र में पूरे पांच साल काम करेगी। हम आसानी से फ्लोर टेस्ट पास करेंगे। हमें विश्वास है, हम बहुमत साबित करेंगे।
शेलार ने कहा कि, आज की बैठक में हमारे सभी विधायक मौजूद थे, जो निर्दलीय विधायक हमारा समर्थन कर रहे हैं, उनके साथ एक अलग जगह पर बैठक आयोजित किए जाएंगे।
शिव सेना विधायकों से मिलने पहुंचे उद्धव
एनसीपी प्रमुख शरद पवार की अध्यक्षता में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायकों की बैठक के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे के साथ ललित होटल में पहुंचे। यहां शिवसेना के विधायक ठहरे हुए हैं।
उद्धव बोले एनसीपी के साथ रिश्ता लंबा चलेगा
शिवसेना के सूत्र के मुताबिक, पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राकांपा के विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि, चिंता नहीं करे, यह रिश्ता लंबा चलेगा, हमारा गठबंधन लंबा चलेगा।
भाजपा दफ्तर में विधायकों की बैठक
भाजपा के सभी विधायक मुंबई स्थित दफ्तर पहुंच रहे हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और पार्टी के अन्य नेता बैठक में पहुंच चुके हैं।
उद्धव की शरद पवार संग बैठक
मुंबई के होटल रेनेसां में एनसीपी प्रमुख शरद पवार की अध्यक्षता में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायकों की बैठक चल रही है। बैठक में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और संजय राउत भी मौजूद हैं।
होटल पहुंचे लापता विधायक
एनसीपी विधायक माणिकराव कोकाटे रेनेसां होटल पहुंच गए हैं, जहां पार्टी के अन्य विधायक ठहरे हुए हैं। वह उप-मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ राज्यपाल के भवन पहुंचे थे और कल से ही गायब थे। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार होटल में मौजूद हैं और विधायकों से मुलाकात कर रहे हैं।
एनसीपी विधायकों से मिलने होटल जा रहे हैं उद्धव
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे एनसीपी विधायकों से मिलने के लिए अपने आवास से रेनेसां होटल के लिए रवाना हो गए हैं।
आज ही बहुमत परीक्षण कराना चाहते थे कांग्रेस, एनसीपी और शिवसना
भाजपा के आशीष सेलार ने अदालत के केंद्र सरकार को भेजे नोटिस पर कहा, 'सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पढ़ने के बाद एक बात स्पष्ट रूप से सामने आई है कि कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना की मांग को अदालत ने स्वीकार नहीं किया है। कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के सभी वकील अदालत से गुहार लगा रहे थे कि आज बहुमत परीक्षण करवाने की आवश्यकता है। कार्यवाही और आदेश देखने के बाद यह स्थापित हो गया है कि सर्वोच्च न्यायालय उनके निष्कर्षों पर नहीं पहुंचा है। उनके अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया है। जब बहुमत परीक्षण होगा तब हम उसे साबित कर देंगे।'