शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं को धमकाने वालों को 'बर्फ की सिल्ली पर सुलाया' जाएगा। महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र दपोली में बात करते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता रामदास कदम और से जुड़े उनके बेटे व स्थानीय विधायक योगेश कदम को गद्दार करार दिया। राज्य सरकार में पूर्व मंत्री रहे आदित्य ठाकरे 20 नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले दापोली में एक रैली में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, 'यह मेरी जिम्मेदारी है कि जो कोई भी आपको (शिवसेना यूबीटी कार्यकर्ताओं को) धमकाएगा, उसे बर्फ की सिल्ली पर सुलाऊं। हमारी सरकार बनने वाली है।' विधान परिषद में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामदास कदम ने पलटवार करते हुए कहा कि जब वे एक ही पार्टी (अविभाजित शिवसेना) में थे तो उनका बेटा आदित्य ठाकरे का दोस्त था, लेकिन बाद में आदित्य ने दापोली में उनके करीबी लोगों को निष्कासित कर दिया। आदित्य पहले भी ऐसा बयान दे चुके हैं।
गुलाम अहमद मीर के बयान का जेएमएम ने किया समर्थन
कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर के बयान पर जेएमएम नेता मनोज पांडे ने समर्थन करते हुए कहा कि, मीर साहब ने साफ कहा है कि हम सबको देंगे (एलपीजी सिलेंडर 450 रुपये में), हम जुमलेबाजी नहीं करते, हम सबको देंगे- हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, आदिवासी, गैर आदिवासी, दलित। बीजेपी की नजर में घुसपैठिए मुसलमान हैं, मीर साहब ने कहा कि हम घुसपैठियों को भी देंगे, मतलब हम उन सभी मुसलमानों को देंगे जो हमारे नागरिक हैं, यहां के मूल निवासी हैं। हम प्रतिबद्ध हैं, हम 450 रुपये में सिलेंडर देंगे और लोग हमारी बातों पर विश्वास भी करते हैं।
उनका एकमात्र एजेंडा हिंदुओं को बांटना- भाजपा प्रवक्ता
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, विडंबना यह है कि संविधान का सबसे बड़ा उल्लंघन करने वाली और हर दिन सांप्रदायिक नफरत फैलाने वाली कांग्रेस पार्टी दूसरों के खिलाफ जाकर शिकायत कर रही है। कांग्रेस पार्टी के लिए 'एक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे' एक सांप्रदायिक बयान है, लेकिन 10% मुस्लिम आरक्षण देना धर्मनिरपेक्ष है। उनके लिए उलेमा बोर्ड और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की तरफ से केवल धर्म के आधार पर की गई अपील धर्मनिरपेक्ष है। जमीयत उलेमा झारखंड की तरफ से सांप्रदायिक अपील करना धर्मनिरपेक्ष है। उनके लिए झारखंड में उनके नेता द्वारा यह कहना कि हम घुसपैठियों को गैस सिलेंडर देंगे, धर्मनिरपेक्ष है। और अगर कोई इस बात को कहता है, अगर कोई वोट जिहाद कहता है, तो वह सांप्रदायिक है। कांग्रेस पार्टी को सावधान रहना चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि वे चुनाव आयोग से शिकायत करने जाएं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए क्योंकि उन्होंने हर सीमा पार कर दी है। आज उनका एकमात्र एजेंडा हिंदुओं को बांटना और वोट बैंक जिहाद के नाम पर वोट बैंक को एकजुट करना है।
महाराष्ट्र के बुलढाणा में 'बटोगे तो काटोगे' नारे पर वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि, ओबीसी पहले ही कट चुके हैं। उनका आरक्षण कट गया है। यह भाजपा ने किया है। भाजपा का नारा सिर्फ काटने का है और वे लोगों से कह रहे हैं कि हम आपको काट रहे हैं। लोगों को समझना चाहिए और उन्हें सत्ता से हटाना चाहिए।
भाजपा पर सीएम सोरेन ने साधा निशाना
बोकारो में भाजपा पर निशाना साधते हुए झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, वो अभी अपनी सत्ता का 'सदुपयोग' कर रहे हैं...वो जो कहते हैं वो सही है, हम जो कहते हैं वो गलत है।
'महाराष्ट्र की जनता को पीएम मोदी के बातों पर भरोसा नहीं'
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने केंद्र और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, महाराष्ट्र की जनता प्रधानमंत्री के बयान पर भरोसा नहीं करती। यह महा विकास अघाड़ी है। हम तीनों साथ हैं। हम एक हैं और हम महाराष्ट्र में आपसे ज्यादा सुरक्षित हैं। और दूसरी बात यह है कि जनता तय करेगी कि किसका रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है...मैंने पहले भी कहा है कि 23 नवंबर के बाद महायुति नहीं रहेगी क्योंकि कोई सीएम नहीं होगा। वे एकनाथ शिंदे को सीएम या एलओपी नहीं बनाएंगे। उन्हें बहुमत नहीं मिलेगा। हम सरकार बना रहे हैं।