फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Updates: ठाणे मर्डर केस का फरार शूटर नौ साल बाद गिरफ्तार; HIV पॉजिटिव महिलाओं की हुई गोद भराई

Tue, 21 Apr 2026 10:39 PM IST
Riya Dubey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ठाणे जिले में हत्या के मामले में नौ साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजेश उर्फ उत्तम मुनेश्वर रविदास (34) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने 15 अप्रैल को हजारीबाग से पकड़ा। मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त मदन बल्लाल ने सोमवार को बताया कि रविदास कथित तौर पर सुपारी लेकर हत्या करने वाला अपराधी है और इस मामले का मुख्य आरोपी था।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2017 को मीरा रोड क्षेत्र के पास श्यामू लाहिरी गौड़ (40) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना काशीमीरा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी। इसके बाद काशीमीरा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 120(बी) (आपराधिक साजिश), 34 (साझा मंशा) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों को पिछले महीने ठाणे की अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी रविदास घटना के बाद से लगातार फरार था।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह हजारीबाग में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची, कई दिनों तक निगरानी की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी झारखंड के तलैया थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उस मामले में भी उसने कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या की थी।

विज्ञापन

HIV पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, मातृत्व को मिला सम्मान
परभणी शहर में एक गैर-सरकारी संगठन ने सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए दो एचआईवी पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं के लिए पारंपरिक गोद भराई समारोह आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य मातृत्व का सम्मान करना और समाज में एचआईवी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना था।

यह कार्यक्रम पिछले सप्ताह आयोजित किया गया, जिसमें दोनों महिलाओं का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया और उन्हें उपहारों के साथ रोजमर्रा के उपयोग की जरूरी वस्तुएं भेंट की गईं। आयोजन में मातृत्व को गरिमा, प्रेम और सहानुभूति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन होम्योपैथिक अनुसंधान और दान अकादमी (HARC) की ओर से किया गया। संस्था के प्रतिनिधि ने सोमवार को बताया कि इन दोनों महिलाओं की शादी भी संगठन के प्रयासों से ही संपन्न हुई थी।

प्रतिनिधि ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य संदेश यह था कि अगर सही समय पर इलाज, दवाइयां और चिकित्सकीय देखभाल मिले, तो एचआईवी पॉजिटिव मां से जन्म लेने वाले बच्चे पूरी तरह स्वस्थ और एचआईवी-नेगेटिव हो सकते हैं। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कली उमलताना नामक नाटक रहा, जिसे एक सांस्कृतिक समूह ने प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, मातृत्व, मानवता, सामाजिक समावेशन और जागरूकता का संदेश दिया गया।

गर्लफ्रेंड के घर चोरी करने वाला प्रेमी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक 43 साल के व्यक्ति को अपनी प्रेमिका के घर से 30 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान घाटकोपर निवासी मजहर अहमद रमजान अली अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से करीब 27 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। कोलकाता की रहने वाली पीड़िता और मजहर कई वर्षों से रिश्ते में थे। हाल ही में जब महिला ऑफिस गई थी, तब मजहर ने घर की दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर चोरी की। उसने वहां से 3.5 लाख रुपये नकद और कीमती जेवर वाला बैग गायब कर दिया। उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसकी प्रेमिका ने उसे पैसे उधार देने से मना कर दिया था। इसके बाद महिला ने साकीनाका पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस को मजहर पर शक हुआ क्योंकि उसे घर के कीमती सामान की जानकारी थी। पूछताछ में उसने दावा किया कि वह उस दिन अजमेर में था। कॉल रिकॉर्ड से भी पहले यही लगा, लेकिन उसके बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। कोर्ट ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। 
विज्ञापन

पूर्व राज्यसभा सांसद और मशहूर डॉक्टर गोपालराव पाटिल का निधन, लातूर में ली अंतिम सांस
पूर्व राज्यसभा सांसद और जाने-माने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ गोपालराव पाटिल का मंगलवार सुबह महाराष्ट्र के लातूर में निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने एक निजी अस्पताल में सुबह 7:12 बजे अंतिम सांस ली। डॉ पाटिल 1994 से 2000 के बीच भाजपा से राज्यसभा सदस्य रहे। उन्होंने वाणिज्य, विदेश और रेलवे जैसी महत्वपूर्ण संसदीय समितियों में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने लातूर में राजर्षि शाहू कॉलेज चलाने वाली 'शिव छत्रपति शिक्षण संस्था' की स्थापना भी की थी।

उनका जन्म 3 अक्टूबर 1931 को धाराशिव जिले के कवठा गांव में हुआ था। उन्होंने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से डॉक्टरी की पढ़ाई की। ग्रामीण इलाकों में मुफ्त इलाज करने की वजह से लोग उन्हें प्यार से 'देवमाणूस' कहते थे। वह इंडियन पीडियाट्रिक एसोसिएशन की शाखा के पहले अध्यक्ष भी रहे। डॉ पाटिल महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख के रिश्तेदार थे। उनके परिवार में पत्नी शांताबाई, एक बेटा और तीन बेटियां हैं। मंगलवार शाम लातूर के संत तुकाराम नेशनल मॉडल स्कूल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान धीरज देशमुख और शिवाजी कालगे समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें