पालघर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ऐतिहासिक तांदुलवाड़ी किले के आसपास कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे किले तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थरों और भारी मलबे के कारण फिलहाल किले तक पहुंचना संभव नहीं है। प्रशासन ने पर्यटकों, ट्रैकर्स और दुर्ग प्रेमियों से अगले कुछ दिनों तक तांदुलवाड़ी किले की यात्रा नहीं करने की अपील की है। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगातार बारिश के चलते अभी भी भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन मार्ग से मलबा हटाने और स्थिति का आकलन करने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि रास्ता पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही पर्यटकों के लिए किले का मार्ग दोबारा खोला जाएगा। साथ ही लोगों से केवल आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही यात्रा की योजना बनाने और मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।