फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: तेलंगाना की एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में लगी आग; खेत में काम कर रहे व्यक्ति को गोलियों से भूना

Sun, 12 Jul 2026 01:26 AM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, यहां बोलारम स्थित एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में अचानक आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय प्रशासन को तुरंत इसकी सूचना दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

विज्ञापन

धान के खेत में काम कर रहे व्यक्ति को गोलियों से भूना
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में धान के खेत में काम कर रहे 53 वर्षीय व्यक्ति की कुछ हथियारबंद लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान कुकी बहुल कांगपोकपी जिले के गोवाजांग गांव निवासी हाओलाल सिंगसिट के रूप में हुई है। हमले के दौरान उनकी पत्नी नेमनीकिम सिंगसिट भी उनके साथ मौजूद थीं, लेकिन वह बाल बाल बच गईं। गांव वालों ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे उन्हें लगातार करीब 20 गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर लिया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। 

अहमदाबाद विमान हादसा: पीड़ित परिवारों ने नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखा पत्र, फाइनल रिपोर्ट की मांगी समय-सीमा
अहमदाबाद में पिछले साल एक भीषण विमान हादसा हुआ था। 12 जून 2025 को एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 क्रैश हो गई थी। यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान लंदन गैटविक जा रहा था। उड़ान भरते ही यह विमान बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल परिसर में जा गिरा। इस हादसे में विमान के 241 यात्रियों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे।

अब इस हादसे के पीड़ित परिवारों ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखा है। प्रभावित करीब 30 परिवारों ने यह पत्र रविवार को मीडिया से साझा किया। परिवारों का आरोप है कि एयरलाइन उनसे एक 'रिलीज दस्तावेज' पर दस्तखत करवा रही है। इसके जरिए एअर इंडिया और विमान से जुड़ी विदेशी कंपनियों के खिलाफ कानूनी अधिकार छीनने की कोशिश हो रही है। पीड़ित परिवार अपने कानूनी अधिकारों की सुरक्षा चाहते हैं।

परिजनों ने विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की जांच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि अंतिम जांच रिपोर्ट जारी करने की एक पक्की समय-सीमा तय हो। जांच में पारदर्शिता के लिए स्वतंत्र सिम्युलेटर सत्यापन टेस्ट कराए जाएं। इसके अलावा, जांच टीम में बोइंग 787 उड़ाने का अनुभव रखने वाले एक स्वतंत्र कमर्शियल पायलट को शामिल किया जाए। परिवारों ने हर 15 या 30 दिन में जांच का आधिकारिक अपडेट देने और अधिकारियों से सीधे संवाद की मांग भी की है।

अहमदाबाद ने पौधारोपण का बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भाड़ज क्षेत्र में मियावाकी पद्धति के तहत मात्र एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया। 

यह अभियान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर के लोकसभा सांसद अमित शाह के गांधीनगर संसदीय क्षेत्र को 'हरित लोकसभा क्षेत्र' बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अभियान के तहत गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ तथा अहमदाबाद नगर निगम क्षेत्र में 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

भाड़ज में लगभग 91,006 वर्गमीटर क्षेत्र में आयोजित इस महाअभियान के दौरान 76,000 वर्गमीटर भूमि पर मियावाकी तकनीक से 35 से अधिक स्वदेशी प्रजातियों के 3.61 लाख पौधे लगाए गए। इस ऐतिहासिक अभियान में 25,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाने में योगदान दिया।

कोलकाता एयरपोर्ट पर मस्जिद में प्रवेश रोकने का मामला
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के भीतर स्थित एक मस्जिद में सामूहिक नमाज़ के लिए एंट्री पास सस्पेंड किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सरकार का रुख साफ करते हुए इस फैसले का समर्थन किया है। रविवार को उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सबसे ऊपर है और एयरपोर्ट जैसे बेहद संवेदनशील और भू-राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान के दरवाजे बाहरी लोगों के लिए खुले नहीं रखे जा सकते।

राष्ट्रीय सुरक्षा और एयरपोर्ट की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
पूर्वा मेदिनीपुर जिले के तामलुक में भारतीय जनता पार्टी की एक विशेष संगठनात्मक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'राष्ट्रीय सुरक्षा और हवाई अड्डे की सुरक्षा किसी भी अन्य चीज से पहले आती है। मुख्यमंत्री होने के नाते मैं इससे ज़्यादा टिप्पणी नहीं करूंगा। कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की भौगोलिक स्थिति बहुत संवेदनशील है, क्योंकि चीन और बांग्लादेश दोनों ही यहां से पास में हैं। ऐसे में बाहरी लोगों के लिए इसके गेट खुले नहीं छोड़े जा सकते'।
विज्ञापन

प्रवीन नेट्टारू हत्याकांड: एनआईए का बड़ा एक्शन, दो मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार 
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। एजेंसी ने साल 2022 के चर्चित भाजपा नेता प्रवीन नेट्टारू हत्याकांड में दो मुख्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के कैडरों द्वारा की गई इस बेरहम टारगेट किलिंग के आरोपी अब्दुल नासिर पी उर्फ नासिर और नौशाद लंबे समय से फरार चल रहे थे। 

एनआईए ने शनिवार को आंध्र प्रदेश पुलिस से मिली सटीक सूचना के आधार पर केरल के कोच्चि और तमिलनाडु के होसुर में एक बेहद गुप्त ऑपरेशन चलाकर इन दोनों को दबोच लिया। बंगलूरू की विशेष एनआईए अदालत ने इन दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर और गैर-मियादी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, साथ ही जांच एजेंसी ने इनकी गिरफ्तारी पर चार-चार लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित कर रखा था। इन दो नई गिरफ्तारियों के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में पकड़े गए कुल आरोपियों की संख्या अब 24 हो गई है, जबकि मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें