नोटबंदी के बाद से लोगों को रोजमर्रा के जीवन में हो रही दिक्कतों को कम करने और कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए महाराष्ट्र सरकार 'महा वॉलेट' लाने की तैयारी कर रही है। सरकार की इस तैयारी के बारे में महाराष्ट्र के वित्तमंत्री सुधीर मुंगंतीवार ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'मैंने सूचना तकनीक विभाग से इस संबंद्ध में रिपोर्ट तैयार करके 15 दिन के अंदर जमा करने को कहा है।'
वित्तमंत्री ने कहा, 'महा वॉलेट सुरक्षित ई-सर्विस होगी जिसमें नागरिकों के पैसे सुरक्षित रहेंगे। हम ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके जरिए महाराष्ट्र के 11.97 करोड़ लोगों की जरूरतों का ध्यान रखा जा सके।
आईटी विभाग के प्रस्ताव में कई बातों पर गौर किया जाएगा। प्रस्ताव में नेट बैंकिंग करने वाले और न करने वाले लोगों का भी ख्याल रखा जाएगा। इसके अलावा स्मर्टाफोन और फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों, मोबाइल का इस्तेमाल न करने वालों के साथ ही उनका भी ध्यान रखा जाएगा जो तकनीक का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं।'