अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अमेरिकी कंपनियों को देश से बाहर जाने पर परिणाम भुगतने की धमकी के बीच भारत के लिए एक अच्छी खबर है।
ओबामा प्रशासन और अमेरिकी रक्षा मंत्रालय भारत सरकार के साथ मिलकर ऐसे मसौदे को तैयार कर रहा है जिसमें अमेरिकी के प्रतिष्ठित लड़ाकू विमानों को भारत में तैयार किया जा सकेगा।
बीते कुछ महीनों में विमान बनाने वाली कंपनी लोकहीड और बोइंग की ओर से इस संबंध में भारत सरकार को प्रस्ताव तैयार करके दिया गया है। जिसमें भारत में लड़ाकू विमान एफ 16 फाल्कोन और एफ/ए 18 सुपर हॉरनेट को तैयार करने के संबंध में बातचीत की जा रही है।
भारत भी रूसी निर्मित लड़ाकू विमान की बढ़ती उम्र के बाद अपने विमान बेड़े में बदलाव की तैयारी में है। दोनों ही मामलों में उक्त विमान कंपनियां भारत में निर्माण की संभावनाओं को गंभीरता से देख रही हैं।