महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
- फोटो : ANI
मंगलवार को महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में काफी गहमागहमी रही। शिवसेना सांसद प्रताप सरनाइक ने मीडिया संस्थान रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्णब गोस्वामी और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ प्रिविलेज मोशन जारी किया।
इस पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी आई है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अर्णब गोस्वामी पर जो प्रिविलेज मोशन आया है उस पर निर्णय विधानसभा अध्यक्ष करेंगे। सामना पेपर में जिस प्रकार से राज्यपाल, प्रधानमंत्री और अलग-अलग नेताओं को संबोधित किया जाता है उस समय अलग मापदंड और अर्णब गोस्वामी के लिए अलग मापदंड ऐसे कैसे हो सकता?
इसके अलावा देवेंद्र फडणवीस ने यह भी कहा कि या तो कार्रवाई सभी पर हो या फिर किसी पर भी ना हो। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है उसको किसी भी हालत में जीने नहीं देंगे, तकलीफ देंगे, जेल में डालेंगे इस प्रकार से आवाज दबाने का काम इस सरकार की तरफ से होता है जो लोकतंत्र के लिए बहुत घातक है।
दरअसल, अर्णब गोस्वामी पर शिवसेना सांसद ने आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और आधारहीन टिप्पणी की। इसके अलावा सांसद ने आरोप लगाया कि अर्णब गोस्वामी लगातार मंत्रियों, लोकसभा सांसदों और विधायकों का अपमान कर रहे हैं और सुशांत सिंह राजपूत के मामले में कई नेताओं पर निराधार आरोप लगाए हैं।