देशभर में आज से अनलॉक के तीसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इसके लिए गृह मंत्रालय की तरफ से दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। उधर, बुधवार को देर शाम महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य में लॉकडाउन को 31 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके लिए राज्य सरकार ने नियमों में कई तरह के बदलाव और चरणबद्ध तरीके से इन्हें खोलने के निर्देश भी दिए हैं।
सरकार के नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, ग्रेटर मुंबई, पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद, मालेगांव, नासिक, धुले, जलगांव, अकोला, अमरावती और नागपुर सहित मुंबई महानगर के नगर निगमों में मॉल और बाजार परिसर पांच अगस्त से सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चालू रहेंगे। हालांकि इस दौरान सिनेमाघरों, फूड कोर्ट और रेस्तरां को खोलने की इजाजत नहीं होगी।
पांच अगस्त से बिना टीम वाले ऑउटडोर खेल जैसे गोल्फ कोर्स, ऑउटडोर फायरिंग रेंज, ऑउटडोर जिमनास्टिक, टेनिस, ऑउटडोर बैडमिंटन और मलखंभ को सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन के साथ खोलने की अनुमति होगी। लेकिन स्विमिंग पूल को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।