देश में कोरोना के बढ़ते मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले 75,000 के करीब हो गए हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में कोरोना ने सबसे ज्यादा प्रभाव डाला है, राज्य में अब तक कुल 24,000 से ज्यादा मामले हैं।
महाराष्ट्र से लगातार पुलिस कर्मियों के कोरोना से संक्रमित होने की खबर आ रही है। अब तक राज्य में एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं जिसमें मुंबई पुलिस विभाग के चार सौ कर्मचारी वायरस से संक्रमित हैं।
ऐसे में महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने केंद्र सरकार से पत्र लिखकर राज्य की पुलिस की मदद के लिए 20 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की मांग की है। अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र में कई पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने की वजह से पुलिस विभाग में तनाव पैदा हो गया है।
अनिल देशमुख ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि 25 मई को रमजान की ईद भी है जिसको देखते हुए राज्य में कानून व्यवस्था को भी बनाए रखना है, इसलिए केंद्र सरकार से 20 कंपनी सीएपीएफ की मांग की है।
मुंबई में कोरोना के 426 नये मामले, 28 की मौत
मुंबई में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 426 नये मामले सामने आए जिसके बाद यहां कुल मरीजों की संख्या 14,781 हो गयी है। वहीं कोरोना के 28 और मरीजों की वायरस से मौत हो गई है।