महाराष्ट्र के नासिक में हुए एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में मरने वाले दो बच्चे भी हैं। दरअसल तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित एक घर से टकरा गई, जिसमें लोगों की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि सड़क हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे कोल्हापुर फाटा की कलवान तालुका में हुआ।
परिवार के पांच लोगों समेत छह की मौत
पुलिस ने बताया कि सतना के नामपुर का रहने वाला एक परिवार नासिक में अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर नासिक-कलवान रोड पर स्थित एक घर से टकरा गई। एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और एक बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान शैला वसंत भदान (62), उनकी बेटी माधवी मेतकर (32), पोती त्रिवेणी मेतकर (4), और इनकी रिश्तेदार सरला बालचंद्र भदान (50) और कार के ड्राइवर खालिक महमूद पठान (50) की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
Bengaluru Stampede: 'महिला ने बिना पोस्टमॉर्टम के बेटे का शव मांगा', भगदड़ को याद कर भावुक हुए डीके शिवकुमार
माधवी मेतकर के 12 वर्षीय बेटे को हादसे में गंभीर चोटें लगीं और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में बालचंद्र भदान (52 वर्षीय) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कलवान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुणे में आईटी प्रोफेशनल ने की खुदकुशी
पुणे में एक 25 वर्षीय आईटी प्रोफेशनल युवती ने रिहायशी इमारत की 21वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। युवती की पहचान अभिलाषा भाउसाहेब कोथिमभिरे के रूप में हुई है। युवती ने 31 मई को पुणे के हिंजावड़ी इलाके में आत्महत्या की। पुलिस ने बताया कि युवती 31 मई की सुबह 4.30 बजे क्राउन ग्रीन सोसाइटी में पहुंची। वहां 21वें फ्लोर पर रहने वाले अपने दोस्त के घर पहुंचीं और वहां से कूद गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मृतका ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें मृतका ने लिखा कि वह जीना नहीं चाहती है।