महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सोमवार को उम्मीदवारों की नाम वापसी के बाद मुकाबलों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। रोचक मुकबलों में पहला मामला महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का सामने आ रहा है, जिन्हें पार्टी ने पुणे की कोथरुड विधानसभा से अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
इससे भाजपा में हलचल मची थी। मगर पार्टी को सोमवार को तब राहत मिली जब स्थानीय ब्राह्मण महासभा ने पाटिल के पक्ष में खड़े रहने की घोषणा कर दी। इसके बाद कोथरुड सीट पर लड़ाई ब्राह्मण बनाम मराठा हो गई है। पाटिल के विरुद्ध यहां राज ठाकरे की मनसे ने मराठा किशोर शिंदे को उम्मीदवार बनाया है।
मनसे के पक्ष में एनसीपी ने अपने खाते में आई इस सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। उधर, यहां प्रभाव के बावजूद शिवसैनिक यह सीट भाजपा के खाते में जाने से नाराज हैं और उद्धव ठाकरे से कह चुके हैं कि वे इस बार मनसे को समर्थन देंगे। उद्धव के लिए इन लोगों को मनाना कठिन चुनौती है।
उधर, खुद को पुणेकर बताने के लिए मुंबईकर पाटिल ने पुणे में एक मकान किराये पर ले लिया। साल 2014 में कोथरुड से भाजपा की मेधा कुलकर्णी विधायक बनी थीं। भाजपा ने इस बार उनका टिकट काटा। इससे ब्राह्मण नाराज थे। मगर बीते तीन दिनों में पाटिल की इन संगठनों से बातचीत के बाद राह निकल आई है।