बीते चार साल से हाशिए पर चल रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्वमंत्री एकनाथ खडसे की सहनशीलता अब जवाब देने लगी है। चर्चा है कि वह नवरात्रि शुभारंभ के साथ यानि घटस्थापना के दिन शरद पवार की पार्टी एनसीपी में शामिल हो सकते है और एनसीपी उन्हें अपने कोटे से मंत्री भी बना सकती है। खडसे के अतिकरीबी पूर्व विधायक उदयसिंह पाडवी ने कहा है कि घटस्थापना के दिन खडसे एनसीपी में प्रवेश करेंगे और राज्य की ठाकरे सरकार में मंत्री बनेगे।
भाजपा में लंबे समय से दरकिनार किए गए एकनाथ खड़से ने पिछले दिनों देवेंद्र फडणवीस पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि उनके समर्थकों का भाजपा छोड़ने का दबाव है। खडसे के करीबियों की मानें तो उन्हें एनसीपी के अलावा शिवसेना से भी ऑफर मिला था। फिलहाल उनकी बहू रक्षा खडसे रावेर से भाजपा की सांसद हैं। खडसे के पुत्र ने कुछ साल पहले खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद भाजपा ने रक्षा खडसे को लोकसभा की उम्मीदवारी दी। यही वजह है कि उनके लिए पार्टी छोड़ना आसान नहीं है।
एनसीपी के वरिष्ठ नेता व खाद्य आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने भी एकनाथ खडसे के एनसीपी में शामिल होने के संकेत दिए हैं। उन्होंने बुधवार को चुटकी लेते हुए कहा कि खडसे एनसीपी में शामिल नहीं होंगे, ऐसा नहीं है।