BMC Elections: महाराष्ट्र में निकाय चुनाव से पहले राजनेताओं की तरफ से बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने ठाकरे बंधुओं पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि 'मराठी मानूस' के प्रति उनका प्रेम दिखावटी है। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि पहला चरण ट्रेलर था, पूरी फिल्म अभी बाकी है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ठाकरे भाइयों का ‘मराठी मानूस’ के प्रति प्रेम दिखावटी है और उनकी असली दिलचस्पी पैसों से भरपूर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर कब्जा जमाने में है। सेंट्रल मुंबई के वर्ली में महायुति की रैली को संबोधित करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई का अगला मेयर मराठी ही होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बयान को दोहराते हुए कहा कि भाजपा और शिवसेना मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ रही हैं।
आदित्य और अमित पर भी बरसे शिंदे
एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और एमएनएस नेता अमित ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब ठाकरे सत्ता में थे, तब उनका विजन कहां था। शिंदे ने आरोप लगाया कि वर्षों तक इन लोगों ने केवल पैसा कमाया और मुंबई को लूटा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले लंबे समय तक नगर निगम पर उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली अविभाजित शिवसेना का कब्जा रहा, लेकिन जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। अब हार के बाद वे विजन स्टेटमेंट की बात कर रहे हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना का किया बचाव
इस दौरान एकनाथ शिंदे ने ‘मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना’ का बचाव करते हुए कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना की आलोचना करने वाले अब खुद वैसी ही योजनाएं घोषित कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा, 'कुछ लोग चुनाव के समय ही मराठी मानूस को याद करते हैं। मुंबई मराठी मानूस की है और रहेगी।' उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई को भ्रष्टाचार और एक परिवार के लंबे कब्जे से मुक्त करना जरूरी है।
'पहला चरण ट्रेलर था, पूरी फिल्म अभी बाकी है'
आखिर में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि महायुति ने अब तक 29 नगर निकायों में 68 सीटें निर्विरोध जीती हैं। उन्होंने कहा, 'पहला चरण ट्रेलर था, पूरी फिल्म अभी बाकी है।' 15 जनवरी को चुनाव होंगे और 16 जनवरी को नतीजे आएंगे।