महाराष्ट्र में पालघर के बहुचर्चित 2022 हत्याकांड मामले में कोर्ट ने गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर की पुलिस हिरासत को 29 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों से संयुक्त पूछताछ के लिए कोर्ट से हिरासत बढ़ाने की मांग की थी।
महाराष्ट्र के पालघर के बहुचर्चित समय चौहान हत्याकांड में शामिल गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विशेष अदालत ने सोमवार को उसकी हिरासत को 29 दिसंबर तक बढ़ा दी है। ठाकुर को उनकी पिछली पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद विशेष महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम ( MCOCA) जज एस.एस. शिंदे के सामने पेश किया गया।
विज्ञापन
यहां स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर संजय मोरे ने केस में गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साथ संयुक्त पूछताछ करने के लिए ठाकुर की गिरफ्तारी को 10 दिन बढ़ाने की मांग की। इस पर उन्होंने दलील दी कि मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के साथ सुभाष ठाकुर की एक साथ पूछताछ करना जांच के लिए आवश्यक है। हालांकि, बचाव पक्ष के वकील राहुल अरोटे ने इस मांग का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जांचकर्ताओं के पास ठाकुर से पूछताछ करने के लिए पहले से पर्याप्त समय था। मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने हिरासत 29 दिसंबर तक बढ़ाने का फैसला सुनाया।
यह मामला फरवरी 2022 का है, जब पालघर जिले के विरार (मनवेलपाड़ा) में 32 वर्षीय संपत्ती डेवलपर समय चौहान की दो बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि स्थानीय बिल्डर राहुल दुबे और समय चौहान के बीच चल रहा संपत्ति विवाद था। इस विवाद के चलते चौहान की सुपारी देकर हत्या कराई गई।
मामले में मुख्य आरोपी मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिहार के बलिया से गिरफ्तार किया गया था। शूटरों की पहचान मनीष सिंह और राहुल शर्मा (34) के रूप में हुई। शर्मा और उसके साथी अभिषेक सिंह (30) को मार्च में वाराणसी से पकड़ा गया था। सुभाष सिंह ठाकुर, जिसे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का पूर्व 'मेंटर' माना जाता है, उसको पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश की फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार से हिरासत में लिया गया था। इस हत्याकांड में संलिप्तता पाए जाने के बाद ठाकुर के खिलाफ (एमसीवोसीए) की सख्त धाराएं लगाई गई हैं।