प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन इंडिया में मतभेद सामने आने लगे हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी एनसीपी-एसपी पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शरद पवार और सुप्रिया सुले को याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस पार्टी की मदद से शरद पवार राज्यसभा पहुंचे, अब वही पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने जा रही है।
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव का दिलाया याद
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एनसीपी-एसपी के रुख पर नाराजगी जताई। पार्टी ने कहा कि 85 साल की उम्र में शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस अंत तक उनके साथ खड़ी रही थी। कांग्रेस के मुताबिक, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना था। उस समय एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। एनसीपी-एसपी के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।
कांग्रेस ने दावा किया कि उसके पास अपनी सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं थी, लेकिन उसने शरद पवार की उम्मीदवारी के समर्थन में अपना दावा छोड़ दिया था।
राहुल गांधी और खरगे ने भी दिया था समर्थन
महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने पोस्ट में दावा किया कि सुप्रिया सुले ने खुद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर अपने पिता शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए समर्थन मांगा था। पार्टी के अनुसार, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद कांग्रेस ने राज्यसभा सीट पर अपना दावा छोड़ दिया। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी शरद पवार का समर्थन किया और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी दी।
कांग्रेस ने इसी घटनाक्रम का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि अब शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी भाजपा सरकार के प्रस्तावित परिसीमन कानून का समर्थन क्यों कर रहे हैं।
जितेंद्र आव्हाड ने किया था समर्थन का एलान
दरअसल, शुक्रवार को NCP-SP के नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा था कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। उन्होंने पार्टी प्रमुख शरद पवार से बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि परिसीमन संवैधानिक जरूरत है और इसे किसी न किसी समय होना ही है।
आव्हाड ने स्पष्ट किया कि परिसीमन को समर्थन देने का फैसला किया गया है और पार्टी इसका समर्थन करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विधेयक के प्रावधानों को सांसद पढ़ेंगे और समझेंगे। इससे पहले सुप्रिया सुले ने कहा था कि विधेयक की पूरी प्रति मिलने और उसे देखने के बाद ही पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी। इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर अंतिम निर्णय को लेकर भी चर्चा जारी है।
क्या है परिसीमन विधेयक का प्रस्ताव?
प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना है। मौजूदा समय में लोकसभा में 543 सीटें हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में सदन की कुल सदस्य संख्या 850 तक करने की बात कही गई है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं। इस मुद्दे को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच पहले से ही मतभेद हैं। महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने और लोकसभा की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं।
30 नवंबर से फिर शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
परिसीमन विधेयक को लेकर जारी राजनीतिक खींचतान के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने की जानकारी दी है। सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से बुलाने का अनुरोध किया है। इन बैठकों में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाना है।