पिछले तीन दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति ऐसे मोड़ ले रही जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं था। जोड़-तोड़ के बाद यहां कई ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। भाजपा जहां दावा कर रही है कि उसके पास बहुमत है। वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी उनपर सदन में बहुमत परीक्षण कराने की मांग कर रही है। इसके अलावा उनकी कोशिश अपने विधायकों को टूटने से बचाने की भी है। इसे लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में डेढ़ घंटे तक सुनवाई हुई, फैसला मंगलवार को सुनाया जाएगा। इसी बीच शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के नेताओं ने सोमवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पास एक पत्र भेजा जिसमें उन्होंने दावा किया है कि राज्य में सरकार गठन के लिए आवश्यक आंकड़ा उनके पास है। अबतक का अपडेट--
संविधान दिवस समारोह का बहिष्कार
शिवसेना का एलान, संविधान दिवस समारोह में हिस्सा नहीं लेगी। बता दें कि आज मुंबई के एक होटल में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के 162 विधायक जुटे और शक्ति प्रदर्शन किया। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में बहुमत परीक्षण को लेकर फैसला आना है।
तोड़ देंगे मुंडी: शिवसेना विधायक
शिवसेना विधायक अब्दुल सत्तार ने कहा कि आज हमारे साथ 162 विधायक हैं, अगर भाजपा के पास है तो उन्हें बताना चाहिए। तो तोड़फोड़ का प्रयास करेगा हम उसकी मुंडी उसकी तोड़ देंगे।
समाजवादी पार्टी नेता अबू आजमी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मैंने शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन को समर्थन का पत्र सौंप दिया है।
हम भी तोड़फोड़ कर सकते हैं : नवाब मलिक
एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा है कि अभी भी उनके पास सम्मान बचाने का मौका है। उन्होंने कहा, 'अगर भाजपा तोड़फोड़ पर उतर आती है तो हम भी उसका जवाब देंगे। अजित पवार अभी भी पार्टी का हिस्सा हैं। वह पवार परिवार का हिस्सा हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि वह अपनी गलती स्वीकार कर वापस आ जाए।
परेड कराकर विधायकों का अपमान किया : भाजपा
भाजपा के आशीष शेलार ने एनसीपी, कांग्रेस और शिव सेना परेड को विधायकों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि शिनाख्त परेड तो आरोपियों की जाती है, न कि चुने गए विधायकों की। यह विधायकों और उन्हें चुनने वालों का अपमान है।
सभी विधायकों ने ली शपथ
मुंबई: शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी विधायकों ने होटल हयात के हॉल में शपथ ली। कहा- मैं शपथ लेता हूं कि शरद पवार, उद्धव ठाकरे और सोनिया गांधी के नेतृत्व में, मैं पार्टी के लिए ईमानदार बना रहूंगा। मैं किसी लालच में नहीं आऊंगा। मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगा जिससे भाजपा को फायदा पहुंचे।
अजित पवार पर करेंगे कार्रवाई: शरद पवार
बैठक में शरद पवार ने कहा- अजित पवार ने सबको गुमराह किया। उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वह अब कोई फैसला नहीं ले सकते। अब तीनों पार्टियां मिलकर फैसला लेंगी। बहुमत से ज्यादा सीटें हमारे पास हैं। ये गोवा, मणिपुर नहीं महाराष्ट्र है।
उद्धव ठाकरे ने दी चुनौती
25-30 साल तक आपको (भाजपा) कुछ समझ नहीं आया। अब हम बताएंगे कि शिवसेना क्या चीज है। हमारा ये गठबंधन लंबे समय तक चलेगा। हमारी लड़ाई सत्ता के लिए नहीं सत्यमेव जयते के लिए है। आप हमें जितना तोड़ने की कोशिश करोगे, हम उतना ही मजबूत होंगे।
उद्धव सहित कई बड़े नेता होटल पहुंचे
होटल के हॉल में गूंजे महाविकास अघाड़ी जिंदाबाद के नारे। यहां कांग्रेस-शिवसेना-एनसीपी के विधायक जुटे हुए हैं। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अशोक चव्हाण भी पहुंचे। चव्हाण ने कहा- हम 162 से ज्यादा हैं। हम सभी एक सरकार का हिस्सा होंगे। मैं सोनिया गांधी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने भाजपा को रोकने के लिए इस गठबंधन को मंजूरी दी। उम्मीद है कि हमें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
होटल ग्रांड हयात पहुंचे कई विधायक।
होटल ग्रांड हयात में विधायकों के पहुंचने से पहले की तैयारी। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी पहुंचे।
मुंबई: शिवसेना विधायक बसों में सवार होकर होटल ग्रांड हयात पहुंचे।
पवार-सुप्रिया होटल पहुंचे
मुंबई: शरद पवार और सुप्रिया सुले ग्रांड हयात होटल पहुंचे। शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट किया था कि होटल में आज शाम 7 बजे 162 विधायक साथ दिखेंगे।
किसानों के लिए राहत
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने असमय बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 5380 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की।
राउत का ट्वीट
शिवसेना नेता संजय राउत का ट्वीट- हम सब साथ हैं, आज शाम सात बजे ग्रांड हयात होटल में हमारे सभी 162 विधायकों को साथ देखिए।
नहीं चल रहा ऑपरेशन लोटस- भाजपा
भाजपा के रावसाहेब पाटिल दानवे ने कहा, कोई ऑपरेशन लोटस नहीं चल रहा। बहुमत के लिए हमारे पास पर्याप्त विधायक हैं। हम किसी विधायक को धमका नहीं रहे हैं। संजय राउत ते आरोप झूठे हैं। कुछ दिनों बाद उन्हें मानसिक रोगी अस्पताल भेजना पड़ेगा।
जयंत पाटिल ने कहा- आज हमारी अजित पवार के साथ बैठक हुई, उनके साथ जल्द ही एक और बैठक की उम्मीद है।
अजित पवार से मिले छगन भुजबल
अजित पवार को मनाने के लिए एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल पहुंचे हालांकि उनकी कोशिश अभीतक नाकाम साबित हुई है। अजित पवार से मिलने के बाद छगन भुजबल ने कहा कि हमने विचार विमर्श किया है, कुछ रास्ता निकले इसके लिए कोशिश जारी है। सकारात्मक तरीके से कुछ ना कुछ रास्ता निकले इसके लिए हम काम कर रहे हैं। जब छगन भुजबल से पूछा गया कि क्या अजित पवार को पार्टी से बाहर निकाला जाएगा तो उन्होंने कहा कि इस बात को वह शरद पवार तक पहुंचाएंगे। हालांकि, जयंत पाटिल ने कहा कि वह अजित पवार से एक बार फिर मुलाकात करेंगे।
भाजपा-शिवसेना को सरकार गठन का आदेश दें
ठाणे जिले की रहने वाली एक महिला मतदाता ने बंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर शिवसेना और भाजपा को चुनाव पूर्व गठबंधन पर कायम रहने और उसे प्राप्त जनादेश के तहत महाराष्ट्र में सरकार बनाने का निर्देश देने का अनुरोध किया है। प्रिया चौहान पड़ोसी ठाणे जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने अदालत से केंद्र और राज्य को यह निर्देश देने का अनुरोध किया है कि शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस के चुनाव पश्चात बने गठबंधन और भाजपा-अजीत पवार के गठजोड़ में से किसी को मुख्यमंत्री बनाने से रोके।
सिविल ड्रेस में मौजूद थी पुलिस
एनसीपी नेता अनिल पाटिल जो कथित तौर पर गायब थे और उन्हें दिल्ली से मुंबई लाया गया है। उन्होंने कहा, 'जब हम होटल (दिल्ली में) पहुंचे, तो कम से कम 100-200 भाजपा कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। साथ ही सिविल ड्रेस में बहुत सारी पुलिस की गाड़ियां और कर्मी भी मौजूद थे। हम डर गए थे। हमने शरद पवार साहब से कहा कि हम वापस आना चाहते हैं और पार्टी के साथ रहना चाहते हैं। उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि हमें वापस लाया जाएगा और आवश्यक व्यवस्था की।'
फडणवीस ने संभाला कार्यभार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपना कार्यभार संभालने के बाद मंत्रालय पहुंचकर सबसे पहले मुख्यमंत्री राहत कोष पर अपने हस्ताक्षर किए। जिसे मुख्यमंत्री ने कुसुम वेंगुरलेकर को सौंप दिया। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी।
ललित होटल से होटल लेमन ट्री पहुंचे शिवसेना विधायक
शिवसेना के विधायकों को होटल लेमन ट्री लाया गया है। इससे पहले वह ललित होटल में ठहरे हुए थे।