महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेकर औरंगाबाद जा रहे एक हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने के तुरंत बाद जल्दी उतरना पड़ा। ऐसा ओवरलोडिंग की वजह से हुआ। इस साल यह चौथी बार है जब सीएम का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा है।
पुलिस ने बताया कि निजी हेलीकॉप्टर ने एक यात्री और कुछ सामान को उतारने के बाद एकबार फिर सफलतापूर्वक उड़ान भरी। हालांकि पुलिस ने हेलीकॉप्टर की फोर्स लैंडिंग के कारण नहीं बताए, लेकिन एक उड्डयन विशेषज्ञ ने कहा कि एक यात्री का उतरना और कुछ सामान को उतारने को हेलीकॉप्टर के अधिकतम भार वहन करने की क्षमता से जोड़ा जा सकता है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के लिए आवश्यक ऊंचाई हासिल करने में सक्षम नहीं था तो कुछ सामान भी उतारा गया। यह बड़ा मुद्दा नहीं है। गत 7 जुलाई को मुंबई के निकट अलीबाग से हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने से पहले फडणवीस हेलीकॉप्टर के टेल रोटर से चोटिल होने से बाल-बाल बच गए थे।
उस समय पायलट ने गलती से मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर में बैठने से पहले ही इंजन स्टार्ट कर दिया था। 25 मई को सीएम को ले जा रहा हेलीकॉप्टर का रोटर तार में उलझ गया था। 10 मई को भी एक हेलीकॉप्टर गढ़चिरौली पहुंचने से पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।