मामले में गंभीरता से फैसला लेंगे अजित पवार- तटकरे
वहीं इस मामले में एनसीपी नेता अध्यक्ष सुनील तटकरे ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे के वायरल वीडियो को लेकर पार्टी अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री अजित पवार इस मामले को गंभीरता से लेंगे और मंत्री से बात करेंगे। तटकरे ने कहा कि कृषि मंत्री द्वारा पहले भी दिए गए कुछ बयान सही नहीं थे, उस समय भी अजित पवार ने उनसे बात की थी। इस बार भी पार्टी अध्यक्ष इस वीडियो मामले को गंभीरता से लेंगे और उचित निर्देश देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि एनसीपी हमेशा शांति के मार्ग पर चली है। लातूर की घटना निंदनीय है। मैंने छावा संगठन के कार्यकर्ताओं की भावनाएं समझी हैं। उन्होंने मुझ पर ताश फेंके, फिर भी मैंने उन्हें धन्यवाद दिया और कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
ये भी पढ़ें:- Maharashtra: 'मैं रमी नहीं जानता, रोहित पवार खुद इसके आदी इसलिए..', मंत्री कोकाटे ने आरोपों पर किया पलटवार
अब समझिए क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तब तेज हो गई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में राज्य कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे कथित रूप से विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान मोबाइल पर रमी जैसा गेम खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार से लेकर कांग्रेस तक सभी ने गंभीर आरोप लगाए। हालांकि कोकाटे ने सफाई देते हुए कहा कि वह गेम नहीं खेल रहे थे, बल्कि सिर्फ एक डाउनलोडेड गेम को स्किप (हटाने) की कोशिश कर रहे थे। लेकिन ये मामला इतना तेज हो गया है कि बयानबाजी और विरोध चरम पर पहुंच गया।