महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि वे पार्टी विधायक सुरेश धास से कहेंगे कि वे बीड सरपंच की हत्या के मामले में सार्वजनिक बयानबाजी न करें। दरअसल धास ने बीड सरपंच की हत्या के मामले में अपरोक्ष रूप से एनसीपी विधायक धनंजय मुंडे पर आरोप लगाए हैं। महाराष्ट्र की महायुति सरकार में भाजपा, एनसीपी और शिवसेना का गठबंधन है। ऐसे में भाजपा विधायक द्वारा बयानबाजी से राजनीति गरमा गई है।
बावनकुले ने कहा- विधायक से बात करेंगे
गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या कर दी गई थी। इस पर आष्टी सीट से भाजपा विधायक सुरेश धास ने धनंजय मुंडे का नाम लिए बगैर उनकी आलोचना की। भाजपा विधायक ने दावा किया कि हत्या मामले के मुख्य आरोपी एनसीपी विधायक धनंजय मुंडे से अपने संबंधों के कारण गिरफ्तारी से बच रहे हैं। इस पूरे मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य विधानसभा में आश्वासन दिया है कि इस हत्या मामले में दोषियों को उनके राजनीतिक संबंधों की परवाह किए बिना न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
बावनकुले ने कहा, 'मैं सुरेश धास से कहूंगा कि उनके पास जो भी जानकारी है, उसे सार्वजनिक करने के बजाय सीधे मुख्यमंत्री से साझा करें। मैं उनसे कहूंगा कि वे ऐसी कोई टिप्पणी न करें जिससे जांच में बाधा आए।' बावनकुले 12 जनवरी को होने वाले राज्य स्तरीय भाजपा सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अहिल्यानगर जिले के शिरडी के दौरे पर थे। भाजपा नेता ने कहा, 'भाजपा सम्मेलन के लिए 15,000 प्रतिनिधि शिरडी में जुटेंगे, जिसका उद्घाटन जेपी नड्डा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समापन भाषण देंगे।'
हत्या के मामले चार लोग गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक सरपंच की हत्या के सिलसिले में अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी के पूर्व तहसील प्रमुख विष्णु चाटे सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। पुलिस तीन अन्य लोगों की तलाश कर रही है, जिन्हें 9 दिसंबर को देशमुख का अपहरण करने और उनकी बेरहमी से हत्या करने के लिए वांछित आरोपी बनाया गया है। वांछित लोगों में बीड निवासी वाल्मिक कराड भी शामिल है, जो कथित तौर पर एनसीपी मंत्री और परली विधायक धनंजय मुंडे का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।
घटना पर राजनीति की ये है वजह
पुलिस के अनुसार, देशमुख की हत्या प्रथम दृष्टया इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने बीड जिले में एक पवन चक्की कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली का विरोध किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी विष्णु चाटे ने कथित तौर पर जिले में पवन चक्की लगाने वाली एक ऊर्जा कंपनी से 2 करोड़ रुपये की मांग की थी और मांग पूरी न होने पर काम बंद कराने की धमकी दी थी। देशमुख ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की थी, जिसके कारण आशंका है कि उनका अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि ऊर्जा कंपनी की शिकायत पर चाटे, कराड और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है। देशमुख की हत्या के बाद पूरे बीड में विरोध प्रदर्शन हुए और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर काफी चर्चा है। इस मुद्दे पर राजनीति का एक और कारण ये है कि मृतक संतोष देशमुख मराठा समुदाय से हैं, जबकि आरोपी विष्णु चाटे और दो अन्य वंजारी समुदाय से हैं, जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का हिस्सा है। विपक्ष पहले ही महायुति सरकार में मराठा समुदाय को निशाना बनाए जाने का आरोप लगा चुका है।
सरपंच की हत्या के विरोध में प्रदर्शन
बीड शहर में आज संतोष देशमुख की निर्मम हत्या के विरोध में हजारों लोग एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने धनंजय मुंडे को पद से हटाने की मांग की। मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे, कोल्हापुर राजघराने के छत्रपति संभाजी, स्थानीय भाजपा विधायक सुरेश धास, अभिमन्यु पवार, राकांपा विधायक प्रकाश सोलंकी और राकांपा (शरद चंद्र पवार) विधायक जितेंद्र अव्हाड और संदीप क्षीरसागर ने आक्रोश विरोध मार्च में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने वाल्मिक कराड की गिरफ्तारी की मांग की।
संतोष देशमुख की बेटी ने की न्याय की मांग
मृतक सरपंच की बेटी वैभवी देशमुख ने प्रदर्शन में अपने पिता के लिए न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने दलित समुदाय के एक व्यक्ति को बचाते हुए अपनी जान गंवा दी।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो अन्य हिस्सों तक फैलेगा प्रदर्शन: भाजपा विधायक
लातूर जिले की औसा सीट से भाजपा विधायक अभिमन्यु पवार ने कहा कि देशमुख की हत्या दुख महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में महसूस किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से कहा कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो यह प्रदर्शन राज्य के अन्य हिस्सों तक फैल सकता है।
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता जरांगे ने किया समर्थन
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कहा कि मृतक मराठा समुदाय से थे। उनको न्याय मिलने तक उनका समाज चुप नहीं बैठेगा। जरांगे ने चेतावनी दी कि अगर मुख्यमंत्री ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो यह विरोध राज्य के अ्य हिस्सों तक फैल सकता है।
अभिनेत्री प्राजक्ता माली ने भाजपा विधायक की आलोचना की
अभिनेत्री-निर्माता प्राजक्ता माली ने शनिवार को भाजपा विधायक सुरेश धास की आलोचना की, जिन्होंने सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में एनसीपी मंत्री धनंजय मुंडे को निशाना बनाने के प्रयास में उनका नाम घसीटा। मासाजोग के सरपंच संतोष देशमुख को 9 दिसंबर को बीड में एक ऊर्जा फर्म पर जबरन वसूली की कोशिश को विफल करने के प्रयास के लिए अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्राजक्ता माली ने कहा कि धास की टिप्पणी पूरी तरह से निराधार थी और उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं, विशेष रूप से अभिनेताओं को आसान लक्ष्य नहीं बनाया जाना चाहिए।
संबंधित वीडियो