Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को सियासत तेज हो चली है। मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे हर राजनीतिक दल और गठबंधन अपनी जीत के दावे कर रहा है। अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने दावा किया है कि चुनाव में महायुति गठबंधन 175 से सीटें जीतेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह बारामती सीट से एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीतेंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि रविवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दलों की बैठक समन्वय को लेकर हुई थी। हमारा लक्ष्य सामूहिक रूप से 175 सीटें जीतना है। सभी महायुति दल इस लक्ष्य के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। दरअसल एनसीपी प्रमुख अजित पवार बारामती से उम्मीदवार हैं। यहां उनका मुकाबला अपने भतीजे और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शरद के उम्मीदवार युगेंद्र पवार से है। बारामती सीट से पवार 1991 से विधायक हैं।
संविधान बदलने की झूठी कहानी अब खत्म: फडणवीस
नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने भाजपा के खिलाफ संविधान बदलने की जो झूठी कहानियां गढ़ी थीं, उनका अंत हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमने लोकसभा चुनाव के दौरान गढ़ी गईं झूठी कहानियों को पूरी तरह खत्म कर दिया है और जनता हमारे साथ खड़ी है। महायुति गठबंधन विधानसभा चुनाव में बहुमत से जीत हासिल करेगा।
विज्ञापन
महाराष्ट्र में एमवीए बनाम महायुति
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, सभी 288 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) से मिलकर बना विपक्षी एमवीए गठबंधन राज्य में सत्ता हासिल करना चाहता है, जो महायुति गठबंधन को चुनौती देता है, जिसमें एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं।