मुंबई पुलिस (प्रतीकात्म तस्वीर)
- फोटो : एएनआई
महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने दुष्कर्म का एक मामला दर्ज किया है। यह मामला जलगांव निवासी प्रफुल लोढ़ा के खिलाफ दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि प्रफुल पर पहले भी मुंबई में दो नाबालिगों के यौन उत्पीड़न और एक महिला से दुष्कर्म का आरोप है। आरोपी ने महिलाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया।
पति की नौकरी लगवाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म
पुलिस ने बताया कि एक 23 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि प्रफुल लोढ़ा ने मई माह में उसे एक होटल में बुलाया था। आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाने के बदले पीड़िता को उसके पति की नौकरी लगवाने की पेशकश की। जब महिला ने इससे इनकार कर दिया तो आरोपी ने कथित तौर पर महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस ने पिंपरी चिंचवाड़ इलाके के बवधान पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। आरोपी प्रफुल लोढ़ा के खिलाफ 17 जुलाई को भी दुष्कर्म और पीड़िता को डराने-धमकाने का मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में जांच जारी है।
ये भी पढ़ें-
SC: 'कांवड़ मार्ग पर सभी होटलों को लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिखाना होगा', सुप्रीम कोर्ट का निर्देश
कई नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीरें
62 वर्षीय आरोपी प्रफुल लोढ़ा महाराष्ट्र के जलगांव का निवासी है और ऐसा कहा जा रहा है कि आरोपी के कई राजनेताओं से संबंध हैं। इस महीने की शुरुआत में मुंबई पुलिस ने भी लोढ़ा को 16 साल की दो लड़कियों के यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया था। दोनों नाबालिगों का भी आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उत्पीड़न किया। साथ ही एक अन्य महिला से भी दुष्कर्म किया। मुंबई पुलिस ने पोक्सो और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने सोमवार को एक तस्वीर दिखाई, जिसमें आरोपी लोढ़ा भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन के साथ दिखाई दे रहा है। इस पर गिरीश महाजन ने कहा कि लोढ़ा के एनसीपी (एसपी), शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ भी तस्वीरें हैं। महाजन ने कहा कि किसी के साथ तस्वीर में दिखने का मतलब ये नहीं है कि नेता ने भी गलत किया है। महाजन ने संजय राउत पर बिना सबूत के गैर जिम्मेदाराना बयान देने का आरोप लगाया।