महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को बंपर बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनने की राह पर है और चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पार्टी 126 सीटों पर आगे चल रही है। इससे साफ है कि महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व पर विश्वास किया है। महायुति को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, झारखंड में इंडिया गठबंधन जीत रहा है।
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए महायुति को बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को प्राथमिकता दी।
'भाजपा-महायुति ने लगातार विकास को प्राथमिकता दी'
उन्होंने एक्स पर कहा, 'महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा-महायुति गठबंधन की ऐतिहासिक जीत के लिए राज्य की जनता को हार्दिक बधाई! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भाजपा-महायुति ने लगातार विकास को प्राथमिकता दी है और महाराष्ट्र की समग्र प्रगति और उसके लोगों की आकांक्षाओं के लिए प्रतिबद्ध है।'
इन लोगों को दी बधाई
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि पीएम मोदी के विजन से प्रेरित होकर डबल इंजन की सरकार राज्य के विकास को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। मैं इस शानदार उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार और भाजपा नेताओं तथा महायुति कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं।'
20 नवंबर को हुआ था मतदान
वरिष्ठ भाजपा नेता ने उन स्वयंसेवी संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया जो मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए चुनाव के दौरान अथक रूप से काम करते हैं। राज्य में इस बार 66.05 प्रतिशत मतदान हुआ जो 1995 के बाद से सर्वाधिक है। मतदान 20 नवंबर को हुआ था, जबकि मतों की गिनती दिन में सुबह आठ बजे शुरू हुई थी।
प्रियंका के जीतने पर करुणानिधि ने जताई खुशी
वायनाड संसदीय उपचुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा के आगे बढ़ने पर डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं क्योंकि संसद में विपक्ष की बेंचों में एक और बहुत मजबूत महिला आवाज शामिल होगी। यह लोकतंत्र के लिए बहुत अच्छा है।'