महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के सरकारी बंगलों पर मेहमानों के खानपान के लिए करीब 9.85 करोड़ रुपये सालाना का ठेका चार वर्षों (20 जुलाई 2026–19 जुलाई 2030) के लिए दिया है। ठेके में तीन रुपये की चाय, सात रुपये की पानी की बोतल और 720 रुपये प्रति व्यक्ति वीवीआईपी वेज-नॉनवेज बुफे की दर तय की गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के सरकारी बंगलों पर आने वाले मेहमानों के खानपान के लिए करीब 10 करोड़ रुपये सालाना का ठेका दिया गया है। इस ठेके में सबसे सस्ती 3 रुपये की चाय और 7 रुपये की पैक्ड पानी की बोतल है, जबकि सबसे महंगा वीवीआईपी वेज-नॉनवेज बुफे 720 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है।
यह ठेका मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा , उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नंदनवन और उपमुख्यमंत्री सुनीत्रा पवार के देवगिरी बंगले पर खानपान की व्यवस्था के लिए मुंबई की एक फर्म को दिया गया है। अनुबंध की अवधि 20 जुलाई 2026 से 19 जुलाई 2030 तक रहेगी। इसकी अनुमानित लागत 9.85 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष है। यानी चार वर्षों में इस पर 39.40 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इस ठेके के लिए राज्य सरकार ने 28 अप्रैल 2026 को ई-टेंडर जारी किया था।
विज्ञापन
सरकार की ओर से तय दरों के अनुसार, सामान्य चाय सिर्फ 3 रुपये और कॉफी 16 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी। हाई टी की दर 70 रुपये रखी गई है। शाकाहारी थाली के लिए 125 रुपये और मांसाहारी थाली के लिए 130 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
सबसे महंगी व्यवस्था वीवीआईपी मेहमानों के लिए रखी गई है। वीवीआईपी शाकाहारी बुफे की दर 520 रुपये, वीवीआईपी मांसाहारी बुफे की दर 620 रुपये और वीवीआईपी शाकाहारी-मांसाहारी मिश्रित बुफे की दर 720 रुपये प्रति व्यक्ति तय की गई है। वहीं 250 मिलीलीटर पैक्ड पानी की बोतल की कीमत 7 रुपये रखी गई है।
शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी विशेष कार्यक्रम, सरकारी आयोजन या महत्वपूर्ण अवसर पर जरूरत पड़ने पर अन्य आपूर्तिकर्ताओं से भी खानपान की व्यवस्था कराई जा सकेगी। यानी निर्धारित ठेके के अलावा विशेष परिस्थितियों में अलग से व्यवस्था करने का अधिकार भी संबंधित विभाग के पास रहेगा।