महा विकास अघाड़ी(एमवीए) में सीट बंटवारे को लेकर शरद पवार के आवास सिल्वर ओक' में बैठक हुई, जो बेनतीजा रही। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा तीनों सहयोगी दलों के बीच मंथन जारी है, जल्द बाकी सीटों पर भी फैसला हो जाएगा।
लोकसभा चुनाव के एलान के बाद से ही राजनीति दलों में सीटों को लेकर रस्साकशी का खेल शुरू हो गया है। जहां एक तरफ भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रही है। वहीं कई विपक्षी गठबंधनों में अब तक सीट बटंवारे को लेकर आम सहमति नहीं बनी है। महाराष्ट्र में शिवसेना(यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी(शरद चंद्र पवार) के महा विकास अघाड़ी(एमवीए) गठबंधन की बुधवार को बैठक बेनतीजा रही है।
विज्ञापन
कुछ सीटों पर मंथन, आज की बैठक रही बेनतीजा- पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने बैठक के बाद कहा कि कांग्रेस सांगल, भिवंडी और मुंबई में कुछ सीटें को लेकर मंथन जारी है, हालांकि हमें विश्वास है कि यह पूरी सीटें कांग्रेस के खाते में आएंगी। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि एनसीपी( शरद चंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार के आवास सिल्वर ओक में हुई बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला है।
गुरुवार को सीटों पर समाधान निकलने की उम्मीद
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि उनकी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत अभी भी चल रही है। उम्मीद है कि गुरुवार को कोई समाधान निकलने की संभावना है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा 48 लोकसभा सीटें हैं।
विज्ञापन
एमवीए नेता बोले- ज्यादातर सीटों पर बनी सहमति
महा विकास अघाड़ी(एमवीए) नेताओं के मुताबिक, केवल चार या पांच सीटें पर ही मुद्दा रुका हुआ है। तीनों सहयोगी दल (उद्धव गुट की शिवसेना, कांग्रेस, शरद गुट की एनसीपी) राज्य में अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों पर सहमत हो गए हैं। उम्मीद है कि जल्द बाकी सीटों पर भी आम सहमति बन जाएगी।
हालांकि एक दिन पहले मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा था कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) अभी भी प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करने में दिलचस्पी रखती है। वीबीए पहले ही कई लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को हटाने और मतपत्रों के आधार पर चुनाव कराने की अपनी मांग भी दोहराई थी।