पूलपांड्या ने कोविड-19 राज्य कोष में 10,000 रुपये का दान दिया
- फोटो : ANI
कोरोना वायरस और लॉकडाउन के बीच आज हम आपको एक ऐसी खबर के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपके चेहरे पर मुस्कान ला देगी। इस खबर से न सिर्फ आपको सुकून मिलेगा बल्कि यह खबर महामारी के इस दौर में एक मिसाल भी पेश कर रही है। दरअसल तमिलनाडु के मदुरै में एक भिक्षा मांगने वाले पूलपांड्या नाम के व्यक्ति ने कोविड-19 राज्य कोष में 10,000 रुपये का दान दिया है।
पूलपांड्या ने सोमवार को जिला कलेक्टर टीजी विनय को राज्य कोविड-19 राहत कोष के लिए 10,000 रुपये दान दिए। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं इस राशि को शिक्षा निधि को देने वाला था, लेकिन अब मैंने इसे राहत कोष में दान कर दिया है क्योंकि कोरोना वायरस एक बहुत बड़ी चुनौती है।"
दरअसल खबर लिखने तक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 96,169 है। इस खतरनाक बीमारी से देशभर में अबतक 3029 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इस दौरान 36,824 लोग इस बीमारी से पूरी तरह से ठीक होकर अपने घरों को वापस भी जा चुके हैं।