सार
तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर शनिवार को कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह रस्म पूरी हुई। दीप जलाने को लेकर मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया था।
मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। दीप जलते ही श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। कई श्रद्धालु भावुक भी हो गए और खुशी जाहिर की। इस पवित्र दीप को जलाने के लिए 30 किलो घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलो कपूर का इस्तेमाल किया गया। दीप जलाने को लेकर मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह परंपरागत रस्म पूरी हुई।
दो पूर्व जजों को सौंपी गई मंदिर की जिम्मेदारी
कार्तिगई दीपम के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को मंदिर का रिसीवर नियुक्त किया गया था। दोनों को मंदिर का प्रशासन अपने हाथ में लेने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, अब कार्यक्रम सफल हो गया है। दीप जलाने के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचे थे।
विवाद की वजह क्या?
मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद की मुख्य वजह दीप जलाने की जगह और उस जमीन पर अधिकार है। इस पहाड़ी पर अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर के साथ सिकंदर बदुशा दरगाह भी स्थित है। मंदिर और दरगाह के बीच पहाड़ी के कुछ हिस्सों के स्वामित्व और इस्तेमाल को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। वर्ष 1920 में इस मामले में मुकदमा दायर हुआ था। 1923 में अदालत ने पहाड़ी के अधिकतर हिस्से को मंदिर की संपत्ति माना, जबकि दरगाह के आसपास के कुछ हिस्सों को मुस्लिम पक्ष का बताया।
मौजूदा विवाद पहाड़ी की चोटी के पास स्थित एक पत्थर के स्तंभ को लेकर है। हिंदू श्रद्धालुओं का कहना था कि यह दीपथून यानी दीप जलाने का पारंपरिक स्तंभ है और यहां कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। यह स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। वहीं, दरगाह से जुड़े पक्षों ने इस जगह के अधिकार और वहां तक पहुंचने के रास्ते पर सवाल उठाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट का रुख क्या?
विवाद अदालत तक पहुंचा तो पहले मद्रास हाईकोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी। तमिलनाडु सरकार और अन्य पक्षों ने इस फैसले को चुनौती दी। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को एक बार के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी और 24 नवंबर को आयोजन कराने का निर्देश दिया था। लेकिन उस दिन विवादित स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय पहले से इस्तेमाल हो रही दूसरी जगह पर दीप जलाया गया।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश की जानबूझकर अवहेलना पर नाराजगी जताई। 27 नवंबर को कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। साथ ही मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर दिया और प्रशासन संभालने के लिए हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया। सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को भी सौंपी गई।