Madras High court Chief justice
- फोटो : Social Media
तबादले से नाराज चल रही मद्रास हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस विजय कमलेश ताहिलरमानी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने छह सितंबर को इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह मद्रास हाईकोर्ट के वरिष्ठतम जज विनीत कोठारी को वहां का नया कार्यकारी चीफ जस्टिस बनाया गया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जस्टिस ताहिलरमानी का इस्तीफा स्वीकार किया। मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने ताहिलरमानी का मेघालय हाईकोर्ट तबादला कर दिया गया था। कॉलेजियम के इस फैसले से नाराज ताहिलरमानी ने इस्तीफा दे दिया था।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को जारी नोटिफिकेशन में कहा है कि ताहिलरमानी का इस्तीफा मंजूर किया जाता है। जस्टिस ताहिलरमानी के इस्तीफे के बाद मद्रास हाईकोर्ट के दूसरे वरिष्ठतम जज विनीत कोठारी को चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है।
जस्टिस कोठारी को साल 2005 में राजस्थान हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया गया था। साल 2016 में उनका तबादला कर्नाटक हाईकोर्ट कर दिया गया और नवंबर 2018 में तबादला कर उन्हें मद्रास हाईकोर्ट में वरिष्ठ जज बनाया गया था। अब, वह इसी हाईकोर्ट के कार्यकारी चीफ जस्टिस होंगे।