मध्य प्रदेश के किसानों में इस कदर नाराजगी है कि वे सड़कों और रेलवे ट्रैकों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इंदौर के कई इलाकों में किसानों ने सड़कों को जाम कर रखा है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक किसानों ने होशंगाबाद के सिवानी, मालवा और बानापुर रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया है।
Madhya Pradesh: Protesting farmers from Sivani, Malwa and Banapur block railway track & stop trains, in Hoshangabad pic.twitter.com/1H26OVWG2K— ANI (@ANI_news) June 22, 2017
किसानों का आरोप है कि सरकार की ओर से कोई सपोर्ट नहीं मिल रहा है। दरअसल, मध्य प्रदेश के इंदौर में प्याज की तुलाई में देरी से किसान भड़क गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किसानों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा था और इसी बात से वे नाराज हो गए।
किसान इस कदर उग्र हुए कि उन्होंने इंदौर के वायर चौराहे पर घंटों तक चक्काजाम कर दिया। किसानों ने वहां से गुजरने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। चौंका देने वाली बात है कि अगर कोई शख्स निकलने की कोशिश करता तो किसान उसकी गाड़ी की चाबी लेकर बैठ रहे थे।
हालात ये हो गए कि वहां जाम लगना शुरू हो गया। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने की कोशिश करने लगी, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने बैरीगेटिंग की और ट्रैफिक को डायवर्ट करना शुरू कर दिया।
किसानों को समझाने के लिए खुद एसडीएम बिहारी सिंह को मौके पर पहुंचना पड़ा। बिहारी सिंह के समझाए जाने के बाद ही किसानो माने और शांत हुए। डेढ़ घंटे बाद किसान मान गए और चौराहे से उठकर मंडी की तरफ पहुंचे। एहतियात के तौर पर मंडी में भी पुलिस बल तैनात रहा।