राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर होने वाली आज विपक्ष की बैठक में हिस्सा लेने से पहले कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और सांसद अहमद पटेल सोनिया गांधी के आवास दस जनपथ उनसे मिलने पहुंचे।
वहीं, आरजेडी नेता आरपी सिंह ने जेडीयू नेता वरिष्ठ नारायण सिंह की बात का कटाक्ष करते हुए कहा है कि एक तरफ तो सीएम नीतीश कुमार महागठबंधन बनाने की पहल की बात करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ एनडीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने की बात कर रहे है।
On one hand Nitish ji takes initiative to form national 'Mahagatbandhan' , on the other hand supports NDA President candidate:RP Singh,RJD pic.twitter.com/ifmek3b3Q0
— ANI (@ANI_news) June 22, 2017
इससे पहले बिहार के जेडीयू अध्यक्ष वरिष्ठ नारायण सिंह ने कहा था कि विपक्ष को बीजेपी के राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देना चाहिए। नारायण का ये बयान आज होने वाली विपक्ष की 17 दलों की बैठक से पहले आया है। एबीपी न्यूज से बातचीत में नारायण ने कहा कि गैर-एनडीए दलों में शामिल सभी दलों को एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ चलना चाहिए।
बता दें कि, राष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर विपक्ष आज बैठक करेगा, जिसमें में अन्य दल हिस्सा लेंगे। इस बैठक में रामनाथ कोविंद को समर्थन देने पर फैसला ले सकता है या अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकता है। वहीं एनडीए उम्मीदवार को जेडीयू के समर्थन से विपक्ष को बड़ा झटका लगा है। बुधवार शाम केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया कि जेडीयू रामनाथ कोविंद को समर्थन देने के लिए राजी हो गई है। वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई. पलानीसामी ने भी कोविंद के नाम पर समर्थन दे दिया है।
बुधवार देर शाम पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके दिल्ली आवास पहुंची। एनडीए की ओर से रामनाथ कोविंद का नाम सामने आने के बाद से राजनैतिक गलियारों में मीरा कुमार के नाम को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। माना जा रहा है कि यूपीए की ओर से मीरा कुमार का नाम राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए आगे किया जा सकता है।
बता दें कि अप्रैल में जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सोनिया गांधी से मुलाकात कर विपक्ष का नेतृत्व करने की बात कही थी, लेकिन एनडीए की ओर से कोविंद का नाम सामने आने के बाद उन्होंने एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया। वहीं आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव भी आज समर्थन को लेकर बैठक करने वाले हैं। विपक्ष की ओर से होने वाली बैठक में बीएसपी सुप्रीमो मायावती भी भाग लेने पहुंचेंगी, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना पक्ष रखने के लिए किसी नेता को भेज सकते हैं।